राजनांदगांव

छठ व्रतधारी महिलाएं डूबते सूर्य को आज शाम देंगी अघ्र्य
27-Oct-2025 3:43 PM
छठ व्रतधारी महिलाएं डूबते सूर्य को आज शाम देंगी अघ्र्य

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अक्टूबर
। छठ पर्व को लेकर उत्तर भारतीयों में खासा उत्साह बना हुआ है। छठ पर्व के मौके पर व्रतधारी महिलाएं सोमवार को डूबते सूर्य को अघ्र्य देंगी।
अस्तांचलगामी सूर्य को अघ्र्य देने के साथ त्यौहार मनाया जाएगा। अगले दिन यानी कल मंगलवार को उगते सूर्य को अघ्र्य देने के साथ छठ पर्व समाप्त हो जाएगा। पर्व को लेकर शहर में तैयारी की गई है। महापर्व छठ को लेकर राजनांदगांव और टेडेसरा क्षेत्र में स्थित तालाबों के घाट की साफ-सफाई की गई है। व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका प्रशासन ने ख्याल रखा है।
शहर के मोती तालाब और चिखली तालाब में भी बड़ी संख्या में आज शाम को व्रतधारी महिलाएं डूबते सूर्य को अघ्र्य देंगी। इस बीच उत्तर भारतीय परिवारों में मनभावगन लोक गीतों और पारंपरिक प्रसादों की खुशबू के बीच लोग सूर्य भगवान की आराधना में डूबे हुए हैं।

रविवार की शाम व्रतियों ने खरना का रस्म अदा किया। इसके बाद प्रसाद के लिए देर रात तक लोग व्रतियों के घर पहुंचते रहे।
गौरतलब है कि शनिवार को नहाय-खाय के साथ 4 दिनी छठ पर्व का आगाज हुआ था। खरना के बाद छठ व्रती लगभग 36 घंटे का कठिन व्रत रखते हैं। कुछ महिलाएं निर्जला व्रत रखकर सूर्य भगवान को प्रसन्न करने के लिए पूजा अर्चना करती है। शहर में पर्व को लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश के बाशिंदों ने बाजार में भी अपनी अच्छी उपस्थिति दर्ज कराई। जिसके चलते भी बाजार में कारोबार अन्य दिनों की तुलना में उछाल लिए रहा। छठ पर्व के अंतिम यानी चौथे दिन कल मंगलवार को उदयमान सूर्य को अघ्र्य देने के बाद पर्व समाप्त हो जाएगा।


अन्य पोस्ट