राजनांदगांव
घर का था इकलौता चिराग, दीवाली त्यौहार मातम में बदली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 अक्टूबर। राजनांदगांव के बीजाभांठा के रहने वाले एक युवा सिविल इंजीनियर की कांकेर जिले में हुए सडक़ हादसे में मौत हो गई। युवा मृतक अपने माता-पिता का इकलौता संतान था। घर का चिराग बुझने की खबर से न सिर्फ परिवार में, बल्कि पूरा गांव शोक में डूब गया। घटना मंगलवार की है।
मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगांव क्षेत्र के बीजाभांठा के रहने वाले नीतिन उर्फ राजा साहू (30 वर्ष) कांकेर जिले के नरहरपुर के पास से गुजर रहे थे। अचानक एक बिजली खंभे में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। जोरदार टक्कर की वजह से सिविल इंजीनियर के सिर व शरीर के अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोट लगी। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सिविल इंजीनियर रोज की तरह अपने ठेकेदारी के कार्य को देखने के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
कांकेर पुलिस ने मृतक की शिनाख्ती होने के बाद परिजनों तक हादसे की खबर पहुंचाई। घटना में मौत होने की खबर से पूरा परिवार सन्न रह गया। दीवाली की खुशी चंद मिनटों में मातम में बदल गई। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले ही मृतक का विवाह हुआ था। उसकी एक बहन भी है, लेकिन वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वर्तमान में परिवार राजनांदगांव में निवासरत था। इधर बुधवार दोपहर बाद बीजाभांठा में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना के कारण गांव में पर्व पर आयोजित कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए।


