राजनांदगांव
शहरभर में ढेरों आयोजन, रमन ने कहा नांदगांव का एहसान भूला नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन न सिर्फ राजनंादगांव, बल्कि समूचे लोकसभा क्षेत्र में जश्न के रूप में मनाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बधाईयों से भरे बैनर-पोस्टर में डॉ. सिंह को शुभकामनाएं दी। वहीं स्थानीय मीडिया में भी उनके जन्मदिन को उत्सव के रूप में मनाया गया। सोशल मीडिया में भी उन्हें बधाई देने का तांता लगा रहा।
जन्मदिन को एक उत्सव का रूप देकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ. सिंह के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की। वहीं डॉ. रमन ने सभी स्वागत मंचों में राजनांदगांव के प्रति कृतज्ञता जाहिर करते कहा कि वह स्थानीय लोगों के प्यार और आशीर्वाद को सदैव एक एहसान के रूप में देखते हैं। राजनंादगांव ने उन्हें एक राजनीतिक पहचान दी।
इधर युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बालीवुड के सिंगर कैलाश खेर ने देर रात तक अपनी कशिश आवाज से लोगों को बांधे रखा। उनके हर गीत पर तालियों की गडग़ड़ाहट और वाहवाह से पूरा कार्यक्रम स्थल गदगद हो गया।
छग के समग्र विकास में रमन का महत्वपूर्ण योगदान- विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर स्टेट हाईस्कूल प्रांगण में युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित कैलाश खेर राग नांदगांव कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने देर रात्रि तक देश के प्रख्यात बॉलीवुड सिंगर पद्मश्री कैलाश खेर के सुमधुर गीतों का आनंद लिया। भारतीय लोक संगीत एवं सूफी गायन की अलहदा शैली से पद्मश्री कैलाश खेर ने महफिल में समां बांध दिया।
मुख्यमंत्री साय ने विस अध्यक्ष डॉ. सिंह को प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का यह क्षण गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक है। आज हम छत्तीसगढ़ के तीन बार के मुख्यमंत्री रहे, डॉ. सिंह का जन्मदिन मनाने प्रदेशभर से यहां पहुंचे है। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने 15 वर्षों तक छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया।
मेरा दूसरा पुनर्जन्म नांदगांव में हुआ - रमन
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव के नागरिकों ने मुझे विधायक सांसद, केन्द्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष बनने का अवसर दिया है। राजनांदगांव की जनता के प्रेम, आशीर्वाद, विश्वास, सम्मान के कारण मैं ऐसे महत्वपूर्ण पदों पर पहुंच सका हूं। उन्होंने बताया कि मेरा जन्म कबीरधाम जिले के रामपुर में हुआ है, लेकिन राजनीतिक दृष्टिकोण से मेरा दूसरा पुनर्जन्म राजनांदगांव में हुआ। इसके लिए उन्होंने राजनांदगांव की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। राजनांदगांव की जनता के कारण देश में मेरी अलग पहचान बनी है।
खेर ने किया श्रोताओं को मंत्रमुग्ध
कार्यक्रम में बॉलीवुड सिंगर पद्मश्री कैलाश खेर ने सांझ भई.., तू जाने ना..., पग पखारे..., डोलना... गीतों ने श्रोताओं को मुग्ध किया। इस अवसर पर पशुधन विकास मंत्री राम विचार नेताम, मंत्री दयालदास बघेल, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक विल्हा धरमलाल कौशिक, विधायक जगदलपुर किरण देव, विधायक रायपुर नगर (पश्चिम) राजेश मूणत, विधायक भरतपुर-सोनहट रेणुका सिंह सरूता, विधायक धरसींवा अनुज शर्मा, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, महापौर मधुसूदन यादव, समेत किरण वैष्णव, सचिन बघेल, नीलू शर्मा, योगेश दत्त मिश्रा, किरण साहू, अभिषेक सिंह, प्रदीप गांधी, विनोद खाण्डेकर, कोमल सिंह राजपूत, रमेश पटेल, दिनेश गांधी, भरत वर्मा, संतोष अग्रवाल, सौरभ कोठारी, खूबचंद पारख, भावेश बैद, सुमीत उपाध्याय, सुरेश एच. लाल, सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, एसडीएम डोंगरगढ़ एम. भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


