राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून। होटल लॉज चेकिंग के दौरान सहयोग नहीं करने एवं शांति व्यवस्था भंग करने पर लॉज संचालक के विरूद्ध पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। अनावेदक को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 9 जून को होटल एवं लॉज चेकिंग अभियान के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित कैलाश लॉज में निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान लॉज में ठहरे व्यक्तियों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने हेतु प्रवेश रजिस्टर प्रस्तुत करने कहा गया। इस पर लॉज संचालक गुंजन जैन द्वारा रजिस्टर दिखाने से इंकार किया गया तथा पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करते यह कहने लगा कि ‘किसने पुलिस में शिकायत की है, उसे देख लूंगा।’ पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद वह आक्रोशित होकर अभद्र व्यवहार करने लगा तथा गाली-गलौज एवं धक्का.मुक्की करने पर उतारू हो गया। उसके इस कृत्य से मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई।
परिस्थितियों को देखते अनावेदक के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


