राजनांदगांव

अवैध डीजल भंडारण व कालाबाजारी, दो बंदी
10-Jun-2026 6:40 PM
अवैध डीजल भंडारण व कालाबाजारी, दो बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 जून। अवैध डीजल भंडारण एवं कालाबाजारी के विरूद्ध पुलिस ने कार्रवाई करते दो आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 500 लीटर डीजल जब्त किया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार थाना बागनदी पुलिस द्वारा अवैध डीजल भंडारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त सूचना के आधार पर 6 जून को ग्राम घोरतलाव स्थित शेरा ढाबा में पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई।  तलाशी के दौरान मौके से 3 लाल रंग के ड्रम एवं 4 नीले रंग के केनों में संग्रहित लगभग 500 लीटर डीजल बरामद किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपए है।

बरामद डीजल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस द्वारा जब्ती, नमूना सील, पंचनामा एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले में अपराध क्रमांक 17/2026 पंजीबद्ध कर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान मौके पर आरोपी उत्कर्ष मौर्य को गिरफ्तार किया गया।

प्रकरण में संलिप्त दूसरे आरोपी संदीप सिंह को 8 जून को  गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। आरोपी उत्कर्ष मौर्य के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत 3 प्रकरण पूर्व से दर्ज पाए गए हैं। वहीं आरोपी संदीप सिंह के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, सडक़ दुर्घटना से संबंधित अपराध तथा अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। प्रकरण में विवेचना जारी है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट