राजनांदगांव
राजनांदगांव, 10 जून। गांजा तस्करी के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी 6.015 किलोग्राम गांजा एवं मोटर साइकिल को घटनास्थल पर छोडक़र फरार हो गया था। मिली जानकारी के अनुसार 7 जनवरी 2026 को केसीजी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटर साइकिल में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर ग्राम मंडला से बाजार अतरिया होते हुए बिक्री के लिए परिवहन कर रहा है। सूचना पर खैरागढ़ पुलिस द्वारा तत्काल बाजार अतरिया के पास नाकाबंदी कर कार्रवाई की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को देखकर मोटर साइकिल चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर तीन पैकेटों में कुल 6.015 किलोग्राम गांजा जिसकी अनुमानित कीमत 61 हजार तथा मोटर साइकिल सहित कुल कीमत एक लाख 11 हजार रुपए बरामद हुई। पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते मादक पदार्थ एवं वाहन को विधिवत जब्त किया गया। उक्त मामले में थाना खैरागढ़ में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी, किंतु वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। लगातार प्रयासों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर खैरागढ़ पुलिस को 8 जून को सफलता मिली तथा फरार आरोपी दुर्गेश यादव को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


