राजनांदगांव
न्यायालय में किया गया पेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून। शहर के जमातपारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों एवं शांतिभंग की आशंका पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर अनावेदकों को न्यायालय में पेश किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार 9 जून को बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली कि जमातपारा क्षेत्र स्थित एक प्रापर्टी डीलर कार्यालय में संदिग्ध गतिवधियों के संचालन को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए हैं। सूचना पर बसंतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर एक संदिग्ध महिला मिली, जो कैलाश लॉज संचालक प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन के साथ आना बताई। दोनों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
पुलिस की उपस्थिति में दोनों व्यक्तियों द्वारा हो-हल्ला एवं अव्यवस्थित व्यवहार किया जा रहा था। पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों द्वारा संतोषजनक एवं स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई तथा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते टालमटोल किया गया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध पृथक-पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा उन्हें एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया। राजनांदगांव पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


