राजनांदगांव
पर्यवेक्षक चरण सिंह सपरा
कांग्रेस पर्यवेक्षक ने गिनाई कार्यक्रम की खासियत
'छत्तीसगढ़' की विशेष बातचीत- प्रदीप मेश्राम
राजनांदगांव, 10 अक्टूबर। कांग्रेस की सांगठनिक चुनावी प्रक्रिया के लिए पिछले 6 दिनों से राजनांदगांव में कार्यकर्ताओं का नब्ज टटोल रहे पर्यवेक्षक चरण सिंह सपरा ने दावा किया है कि संगठन सृजन कार्यक्रम से भविष्य में भाजपा राज का सफाया होना तय है।
पार्टी के अहमदाबाद अधिवेशन में लिए गए निर्णय के तहत कार्यकर्ताओं के बीच उनकी राय के आधार पर अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया अपनाई गई है। सपरा ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस का सांगठनिक ढांचा नेतृत्व क्षमता से लैस रहेगा। इसीलिए बतौर पर्यवेक्षक वह सभी लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर केंद्रीय नेतृत्व को रिपोर्ट भेजेंगे। इसके बाद नए अध्यक्षों की ताजापोशी होगी।
0 संगठन सृजन कार्यक्रम की आवश्यकता पार्टी को क्यों पड़ी?
00 पार्टी में नए नेतृत्व को उभारने के इरादे से यह प्रक्रिया लाई गई है। जिसका अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। युवाओं को कांग्रेस की मुख्यधारा से जोडऩा भी एक महत्वपूर्ण मकसद है।
0 आपको लगता है कि यह अभियान शत-प्रतिशत सफल होगा?
00 मैं मानता हूं कि यह अभियान पूरी तरह से सफल होगा। क्योंकि पार्टी आलाकमान नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद) से बाहर निकलकर काबिल कार्यकर्ताओं को चुनने की हिमायती है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सोच है कि राजनीतिक-गैर राजनीतिक पृष्ठभूमि में से काबिल लोगों को आगे लाया जाना चाहिए।
0 भाजपा लगातार सत्तासीन है। कांग्रेस के पास ऐसा कोई शस्त्र है, जिससे भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जाए?
00 भाजपा ने एक तरह से देशभर में द्वेष, दुर्भावना और आपसी भाईचारे में जहर घोलने का काम किया है। हिन्दुत्व कार्ड खेलकर सत्ता सुख भोग रही है। देश की जनता अब उब गई है। आने वाले सालों में इसका परिणाम भी देशवासियों को दिखाई देगा।
0 हिन्दुत्व कार्ड का कांग्रेस के पास क्या कोई माकूल जवाब है?
00 हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि भाजपा की पिच पर बैटिंग नहीं करना चाहते। हमारी अपनी आडियोलाजी है। हम आम लोगों के बीच भाजपा की नापाक इरादों को लेकर मुखर हैं। देश में सामाजिक सद्भाव को बेहतर रखने का इरादा लेकर कांग्रेस आगे बढ़ रही है।
0 राजनांदगांव समेत आप तीन जिलों के दौरे पर हैं, आपने क्या देखा ?
00 पिछले 6 दिनों से लगातार हर कार्यकर्ताओं से मैंने मुलाकात की है। राजनांदगांव शहर में भाजपा को तगड़ा जवाब देने के लिए संगठन स्तर पर रायशुमारी हुई है। मोहला-मानपुर और खैरागढ़ जिले में भी बेहतर और काबिल लोगों को संगठन की कमान सौंपी जाएगी।
0 गुटबाजी हमेशा कांग्रेस पर भारी पड़ी है, इसके लिए क्या ठोस नीति बनाई गई है?
00 गुटबाजी को लेकर मेरा सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा हुई है। मैंने समझाया है कि आपसी लड़ाई से किसी का भला नहीं होगा। एकजुट होकर पहले भाजपा को सत्ता से बाहर करो, इसके बाद सभी को राजनीतिक रूप से लाभ मिलेगा।


