राजनांदगांव

विस अध्यक्ष रमन के जन्मदिन पर सीएम से लेकर मंत्रिमंडल रहेगा नांदगांव में मौजूद
08-Oct-2025 5:50 PM
विस अध्यक्ष रमन के जन्मदिन  पर सीएम से लेकर मंत्रिमंडल  रहेगा नांदगांव में मौजूद

'छत्तीसगढ़Ó संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अक्टूबर।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के 15 अक्टूबर को जन्मदिन को खास बनाने के लिए पार्टी नेताओं से लेकर कार्यकर्ता भी व्यापक तैयारी कर रहे हैं। डॉ. सिंह अपने जन्मदिन पर राजनांदगांव में शाम 4 बजे के बाद मौजूद रहेंगे। 
 बॉलीवुड के प्रख्यात सिंगर कैलाश खेर अपनी शानदार आवाज से श्रोताओं में रोमांच भरेंगे। कैलाश खेर अपनी  अद्वितीय आवाज के लिए जाने जाते हैं। खेर देर रात तक स्थानीय स्टेट हाईस्कूल में अपनी सुमधुर आवाज से समां बांधेंगे। इसके अलावा रात्रिकालीन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व पूरा मंत्रिमंडल राजनांदगांव में मौजूद रहेगा।
 इधर, भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों ने उनके जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए कई तरह की तैयारी की है। बताया जा रहा है कि जन्मदिन के मुबारक मौके को  विशिष्ट रूप देने के लिए हर तरह का प्रयास किया जा रहा है। स्टेट हाईस्कूल में  पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष भावेश बैद के नेतृत्व में कैलाश खेर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।  बैद डॉ. सिंह के करीबी समर्थकों में से एक है। पार्टी द्वारा डॉ. सिंह के जन्मदिन के लिए शहर में अलग-अलग कार्यक्रम करने की तैयारी है।
 शिवनाथ वाटिका में पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन
विस अध्यक्ष डॉ. सिंह के जन्मदिन के अवसर पर स्थानीय शिवनाथ वाटिका में पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया है। डॉ. सिंह कार्यकर्ताओं से सीधे रूबरू होंगे। शिवनाथ वाटिका में कार्यकर्ता प्रत्यक्ष रूप से विस अध्यक्ष को जन्मदिन की बधाई देंगे। 
इस संबंध में जिला महामंत्री सौरभ कोठारी ने 'छत्तीसगढ़Ó को बताया कि विस अध्यक्ष के जन्मदिन की व्यापक तैयारी जा रही है। पार्टी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया है। वहीं निजी तौर पर भी कुछ कार्यकर्ता अपनी ओर से आयोजन करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि संगठन द्वारा डॉ. सिंह का जोरदार स्वागत करने की भी योजना है। पार्टी के जिला पदाधिकारी से लेकर निचले स्तर के कार्यकर्ता भी स्वागत-सत्कार कार्यक्रम में शरीक होंगे।

 


अन्य पोस्ट