राजनांदगांव

कांग्रेस में भूमि पुत्रों को मिलेगा मौका-सपरा
06-Oct-2025 4:16 PM
कांग्रेस में भूमि पुत्रों को मिलेगा मौका-सपरा

पर्यवेक्षक ने कहा देश में धु्रवीकरण के बदौलत भाजपा का राज, कांग्रेस में सुधार का दौर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 अक्टूबर। कांग्रेस संगठन में नए पदाधिकारियों के चयन के लिए एआईसीसी के अधिकृत पर्यवेक्षक चरण सिंह सपरा ने कहा कि पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने वालों को संगठन मौका देगा। साथ ही पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ाने के लिए विचार कर रही है, जिन्होंने पार्टी को मजबूत करने के लिए पसीना बहाया है।

उन्होंने कहा कि नेता पुत्रों के बजाय भूमि पुत्रों को पार्टी में उचित सम्मान मिलेगा। कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान एक तरह से  सुधारवादी सोंच के तहत पार्टी को मजबूत करने का मकसद है, इसलिए निचले स्तर से संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही है।

सोमवार को स्थानीय सर्किट हाउस में सपरा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अहमदाबाद में हुए पार्टी के अधिवेशन में तय किए गए निर्णय के बाद संगठन सृजन का कार्यक्रम समूचे देश में चलाया जा रहा है। यह एक तरह से रि-स्टे्रक्चरिंग जैसा है। पार्टी में व्यापक स्तर पर सुधार के उद्देश्य से जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं के आधार पर नए अध्यक्ष चुने जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि चुने गए अध्यक्षों को पूरी निष्ठा और जवाबदारी के साथ सक्रिय रहना पड़ेगा, अन्यथा कामकाज का आंकलन कर पार्टी नेतृत्व उन्हें पद से हटाने भी पीछे नहीं रहेगी। सपरा ने कहा कि देश में मोदी सरकार ध्रुर्वीकरण के बदौलत सत्तासीन है। देश में जातिवाद, द्वेष, नफरत का माहौल है। कांग्रेस अपने विचारधारा में सभी को साथ लेकर चलने पर भरोसा रखती है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी संगठनात्मक ढांचे को मजबूत कर देश के मनुवादी ताकतों के खिलाफ स्वयं को तैयार रही है।

इसी उद्देश्य से बतौर पर्यवेक्षक वह आम कार्यकर्ताओं से लेकर अलग-अलग वर्गों के लोगों से मिल रहे हैं।  श्री सपरा ने कहा कि चयन का आधार पूरी तरह से दावेदारों की सक्रियता, निष्ठा व एआईसीसी द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत किए गए कार्यों पर केन्द्रित रहेगा। सपरा ने संगठन चुनाव में पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को मौका देने का भी जिक्र किया।

पत्रकारवार्ता में बालेश्वर साहू, उमेश पटेल, गिरीश देवांगन, दलेश्वर साहू, विधायक भोलाराम साहू, कुलबीर सिंह छाबडा, भागवत साहू, हेमा देशमुख, आफताब आलम,  मेहुल मारू, सूर्यकांत जैन, जीतू मुदलियार, रूबी गरचा, शाहिद भाई, रूपेश दुबे, आफताब अहमद, धनेश पाटिला, रमेश डाकलिया, अमित चंद्रवंशी, झम्मन देवांगन सहित अन्य कांग्रेसी नेता शामिल थे।


अन्य पोस्ट