राजनांदगांव

महतारी वंदन की भरपाई बिजली बिल से-कांग्रेस
27-Sep-2025 5:44 PM
महतारी वंदन की भरपाई बिजली बिल से-कांग्रेस

 बिजली बिल बना भाजपा सरकार की वसूली का जरिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 सितंबर।
बिजली की बेतहाशा वृद्धि और स्पॉट बिलिंग में चल रही अनियमितता को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और विद्युत महकमे को कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस का यहां तक आरोप है कि महतारी वंदन योजना की भरपाई के लिए बिजली बिल को एक आधार बनाया गया है। वहीं प्रदेश में गौतम अड़ानी ग्रुप को व्यापारिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से सौर ऊर्जा को सरकार बढ़ावा दे रही है। सरप्लस बिजली वाले छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय सरकार ने बिजली बिल को वसूली का जरिया बनाया है। इस संबंध में स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

 गाढ़ी कमाई पर भाजपा सरकार का डाका-कुलबीर
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि बिजली बिल में बढ़ोत्तरी साय सरकार की मेहनतकश लोगों की कमाई पर डाका डालने जैसा कदम है। भाजपा के नेता जहां मालामाल हो रहे हैं। वहीं राज्य की जनता बिजली के झटके खा रही है। छाबड़ा का कहना है कि महतारी वंदन योजना से खजाना खाली हो रहा है। इसकी भरपाई के लिए एक साजिश के तहत विद्युत विभाग के माध्यम से आम जनता से वसूली की जा रही है।

कौन सा टैक्स वसूल रही साय सरकार-मुदलियार
युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि विद्युत विभाग के माध्यम से साय सरकार कौन सा टैक्स वसूल रही है, यह सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो साल के कार्यकाल में ऊर्जा विभाग भगवान भरोसे है। प्रदेश की जनता की आर्थिक कमर को साजिश के तहत कमजोर किया जा रहा है। इस पर सरकार को संज्ञान लेना होगा, अन्यथा जन आंदोलन किया जाएगा।

 

 न्याय संगत नहीं है-डाकलिया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश डाकलिया ने कहा कि यह बिल्कुल न्यायसंगत नहीं है कि बिजली बिल के माध्यम से वसूली की जाए। स्पॉट बिलिंग और ऑनलाइन बिलिंग में फर्क सरकार की वसूली का एक प्रमाण है।

प्रदेश में साय-साय वसूली-खंडेलवाल
कांग्रेस नेता एवं राजगामी संपदा के पूर्व सदस्य रमेश खंडेलवाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार साय-साय वसूली में लिप्त है। बिजली विभाग सरकार के साथ लूट मचाए हुए हैं। 1000 की महतारी वंदन योजना के लिए गरीब से गरीब व्यक्ति से 4 से 5 हजार रुपए बिजली बिल के माध्यम से वसूला जा रहा है। भाजपा सरकार ने साबित कर दिया कि व्यापारियों को फायदा पहुंचाने कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रदेश में साय सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

चारों ओर मचा कोहराम-अमित
शहर कांग्रेस कमेटी महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि बिजली बिल के कारण चारो ओर कोहराम की स्थिति है। विष्णुदेव साय सरकार ने पिछले दो साल में 4 बार बिल में वृद्धि की है। स्पॉट बिलिंग और ऑनलाइन बिलिंग मेें फर्क क्यों आ रहा है, यह समझना जरूरी है। चंद्रवंशी ने कहा कि विरोधाभास स्थिति बनने से साय सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर सरकार को फौरन संज्ञान लेना चाहिए।

जनता की जेब से महतारी वंदन की भरपाई-माया
शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष माया शर्मा ने कहा कि महतारी वंदन योजना की आड़ में राज्य सरकार वसूली पर आमादा है। बिजली बिल को एक तरह से वसूली का सशक्त माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि  पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का एक अनुकरणीय कार्य कर रही थी। भाजपा सरकार ने उस योजना को बंद कर दिया। साजिश के तहत सरप्लस बिजली वाले राज्य में कीमतों को बढ़ाया जा रहा है। साथ ही स्पॉट बिलिंग और ऑनलाइन बिलिंग में आ रहे अंतर ने सरकार की मंसूबों को उजागर किया है। श्रीमती शर्मा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर संघर्ष करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा व्यापारियों की पार्टी है, इसलिए अड़ानी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है।
गरीबों को झटका-साहू
कांग्रेस के कन्हारपुरी वार्ड के पूर्व पार्षद महेश साहू ने कहा कि गरीबों को झटका देने के लिए साय सरकार जरा भी गुरेज नहीं कर रही है। इसका प्रमाण है कि गरीब से गरीब व्यक्ति 2 से 3 गुना बिजली बिल की बढ़ोत्तरी से हलाकान है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति ने सगाई की अंगूठी गिरवी रखकर बिजली बिल जमा किया। यह साबित करता है कि साय सरकार गरीबों को सिर्फ छलने का काम कर रही है।


अन्य पोस्ट