राजनांदगांव
राजनांदगांव, 3 जून। भाजपा नेता अशोक चौधरी ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेता अपनी पार्टी को स्वयं ही समाप्त करने लगे हुए हैं। इनकी दिक्कत यह है कि उनके पास अकल की कमी है और जिनके पास अकल है, उनको यह लोग अपने से दूर कर रहे हैं। ऐसे तो कांग्रेस पार्टी की गलत शुरूआत प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू के समय से ही हो गई थी। सबसे पहले तो उन्होंने भाखड़ा नांगल डैम में हुए भ्रष्टाचार को यह कहकर संसद में समाप्त कर दिया कि देश बहुत दिन से गुलाम था, इसलिए स्वभाविक रूप से पैसों की ओर लोगों का ध्यान गया है, लेकिन चिंता की बात नहीं है, यह पैसा अपने ही देश में रहेगा।
जिसके कारण बाद में नेहरू के शासन में ही सेना के लिए खरीदे गए जीप घोटाला और 1962 में हुई लड़ाई के लिए खरीदे गए आयुद्ध सामान में जो घोटाला हुआ। जिसके कारण हम चीन से युद्ध हार गए। हद तो तब हो गई जब 38000 किलोमीटर जमीन जो कि तिब्बत का एरिया था, वहां कुछ नहीं उपजता कहकर चीन को दे दिया। कांग्रेस अपने आप को स्वयं मिटाने में लग गई है यह तो भविष्य ही बताएगा कि कांग्रेस का पतन किस हद तक कब होने वाला है, लेकिन वर्तमान में भारत सरकार ने जो डेलिगेशन पाकिस्तान के आतंकवाद को उजागर करने सर्वदलीय समिति विश्व के 33 देश में भेजे हैं, उससे कांग्रेस की गति सांप छछूंदर की भांति हो गई है, उसे स्पष्ट रूप से नाराजी तो है, लेकिन बोल नहीं पा रहे हैं। इसी को मोदी की कूटनीति कहते हैं। इस समिति ने भारत का वर्चस्व विश्व के अनेक देशों में बनाया है। यह अभियान बहुत सफल रहा है।


