राजनांदगांव

नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मार्च। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ खुलकर काम करने वाले भीतरघातियों पर अब तक संगठन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। भीतरघाती कांग्रेसियों पर कार्रवाई नहीं होने से पार्टी के निचले स्तर के कार्यकर्ता मायूस हैं।
पिछले दिनों समीक्षा बैठक में हारे कांग्रेस के प्रत्याशियों ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त नेताओं के नाम संगठन के समक्ष खुलासा किया था। पार्टी के भीतर भाजपा से कथित सांठगांठ रखने वाले नेताओं पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठ रही है। इससे परे संगठन ने ऐसे नेताओं की सूची तलब की, लेकिन कार्रवाई अब तक शून्य है।
कांग्रेस को दोनों चुनाव में तगड़ा नुकसान हुआ है। इसके पीछे भाजपा से अंदरूनी तौर पर तालमेल रखने वाले कुछ नेताओं के नाम की सूची पार्टी के पर्यवेक्षक और अन्य प्रमुख नेताओं के हाथ सौंप दिए हैं। राजनीतिक तौर पर इस बार भीतरघातियों को संगठन से बेदखल करने के लिए काफी दबाव है। कांग्रेस के भीतर ऐसे नेताओं को चिन्हांकित किया गया है। राजनांदगांव जिले में कांग्रेस की नतीजों के मामले में भद्द पीट गई। खुलेतौर पर भीतरघातियों ने अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया। जिसके चलते भाजपा को सीधा फायदा हुआ। इसके फलस्वरूप कांग्रेस का जिला पंचायत में खाता नहीं खुल पाया, जबकि निकाय चुनाव में गिनती के पार्षद विजयी हुए। दोनों चुनाव में पार्टी की काफी किरकिरी हुई है। इसके पीछे आंतरिक तौर पर कांग्रेस के नेताओं ने भी संगठन की जड़े कमजोर की है।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश का इंतजार
कांग्रेस के शहर कार्यकारी अध्यक्ष रमेश डाकलिया ने कहा कि भीतरघातियों की सूची प्रदेश संगठन को भेज दी गई है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश का इंतजार किया जा रहा है।
यदि प्रदेश अध्यक्ष शो-कॉज नोटिस जारी करने निर्देशित करेंगे तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सूची में कई बड़े लोगों के नाम हैं, इस पर फैसला प्रदेश नेतृत्व को लेना है।
प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कहा दिल्ली वापसी के बाद होगी कार्रवाई
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि वह दिल्ली प्रवास पर हैं। वापसी के बाद इस पर निर्णय होगा।
राजनंादगांव संगठन से ऐसे लोगों की सूची अवश्य पहुंची है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर ठोस कार्रवाई होगी।