राजनांदगांव

​नारी शक्ति के हवाले होगी तीन जिलों की जिपं की कुर्सी
25-Feb-2025 2:57 PM
​नारी शक्ति के हवाले होगी तीन जिलों की जिपं की कुर्सी

राजनांदगांव, खैरागढ़ व मोहला-मानपुर में महिला होगी अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी।
जिला पंचायत चुनाव में राजनांदगांव, खैरागढ़ और मोहला-मानपुर की शीर्ष  पद पर नारी शक्ति काबिज होगी। तीनों जिलों में अध्यक्ष की कुर्सी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। पुरूष वर्ग को सिर्फ उपाध्यक्ष पद से संतोष करना पड़ेगा। तीनों जिलों में भाजपा आसानी से सत्तासीन होगी। 

राजनांदगांव में किरण रविन्द्र वैष्णव का नाम प्रबल रूप से सामने आया है। किरण छुरिया जनपद की अध्यक्ष भी रही हंै। उनके पति रविन्द्र वैष्णव भाजपा के जिला महामंत्री पद से हाल ही में कार्यकाल पूर्ण करने के बाद हटे हैं। राजनांदगांव जिले में कांग्रेस का प्रदर्शन इतना निराशाजनक रहा है कि उसे पार्टी से बागी होकर चुनाव जीते प्रत्याशियों की मदद लेनी पड़ेगी, तब जिला पंचायत में उसका खाता खुलेगा। कांग्रेस राजनंादगांव जिले में खाता खोलने में नाकाम रही है। पार्टी से बगावत कर चुनाव जीते महेन्द्र यादव, विभा साहू और अंगेश्वर देशमुख समेत कुल 4 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। 

इधर, खैरागढ़ जिले में भी भाजपा  के सामने कांग्रेस टिक नहीं पाई है। 10 में से 6 में भाजपा, एक कांग्रेस और 3 निर्दलीय चुनाव जीतकर जिला पंचायत पहुंचे हैं। खैरागढ़ में अरूणा सिंह और प्रियंका ताम्रकार का नाम अध्यक्ष के लिए सामने आया है। उपाध्यक्ष के लिए विक्रांत सिंह का नाम पार्टी आगे बढ़ा सकती है।

 मोहला-मानपुर में 10 में से 8 सीटों में भाजपा ने एकतरफा जीत हासिल की। आदिवासी वर्ग  महिला के लिए आरक्षित जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर नम्रता सिंह का नाम सामने आया है। नम्रता लगातार संगठन के लिए काम करती रही है। वर्तमान में वह मोहला-मानपुर की भाजपा की जिलाध्यक्ष भी है। औंधी क्षेत्र से चुनाव जीते भोजेश शाह को उपाध्यक्ष  का पद मिल सकता है। भोजेश पूर्व में विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रहे हैं। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 

बताया जाता है कि तीनों जिलों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा में उठापटक की स्थिति नहीं है। आसानी से तीनों जिलों में पार्टी सत्तारूढ़ होगी। वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों की ऐसी स्थिति में पूछपरख नहीं होगी। इस बार निर्दलीय विपक्षी कांग्रेस सदस्यों के साथ खड़े रहेंगे। बहरहाल तीनों जिलों में  मातृ शक्ति कुर्सी पर आसीन नजर आएगी। 

पुरूषों को मिलेगा उपाध्यक्ष पद
तीनों जिलों की अध्यक्ष की कुर्सी महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण पुरूषों को सिर्फ उपाध्यक्ष पद नसीब होगा। खैरागढ़ में विक्रांत सिंह सबसे प्रबल दावेदार हैं। अविभाजित राजनंादगांव जिले के उपाध्यक्ष के तौर पर सिंह निवर्तमान में पदस्थ हैं।

इसी तरह मोहला-मानपुर जिले में भोजेश शाह का दावा सबसे मजबूत है। भोजेश को साल 2013 में भाजपा ने विधानसभा से टिकट दी थी। वह कांग्रेस की तेजकुंवर नेताम से पराजित हो गए थे। 

राजनांदगांव जिले में उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए प्रशांत कोड़ापे का नाम सामने आया है। प्रशांत ने सटीक रणनीति से अपने प्रतिद्वंदी को पराजित किया था। प्रशांत का दावा उपाध्यक्ष की कुर्सी को लेकर काफी मजबूत है।
 


अन्य पोस्ट