राजनांदगांव

ग्रामीण सियासत में पैर जमाने कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज आजमा रहे किस्मत
14-Feb-2025 2:42 PM
ग्रामीण सियासत में पैर जमाने कांग्रेस-भाजपा के दिग्गज आजमा रहे किस्मत

राजनांदगांव, खैरागढ़ और मोहला-मानपुर में जिला पंचायत सदस्य बनने उम्मीदवार लगा रहे दमखम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 फरवरी। नगरीय निकायों में चुनावी शोर थमने के बाद त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव  के लिए चुनावी घमासान शुरू हो गया है। राजनांदगांव समेत खैरागढ़ और मोहला-मानपुर में भी कई दिग्गज ग्रामीण सियासत में अपनी धाक जमाने के लिए चुनावी मुकाबला कर रहे हैं।

खैरागढ़ और मोहला-मानपुर जिले के अस्तित्व में आने के बाद दोनों जिलों में पहली बार त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव हो रहे हैं। दोनों जिले में 10-10 सीटों में राजनीतिक दल आपस में भिड़ रहे हैं। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव गैरदलीय आधार पर लड़ा जा रहा है। राजनीतिक दलों ने प्रत्याशियों को  अधिकृत किया है, लेकिन गैरदलीय आधार में हो रहे चुनाव में राष्ट्रीय पार्टियों का चुनाव चिन्ह आबंटित नहीं किया गया है।

इधर, तीनों जिलों में राजनीतिक मुकाबला दिलचस्प हो चला है। राजनांदगांव जिले से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भागवत साहू भी टेडेसरा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य बनने जोर लगा रहे हैं। वहीं कांग्रेस के पूर्व जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख भी सदस्य बनने चुनावी मैदान में है। तुमड़ीबोड़ क्षेत्र से दो बार के जिला पंचायत सदस्य रहे महेन्द्र यादव चुनाव लड़ रहे हैं। वह कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। महेन्द्र की अच्छी साख है। वह तीसरी बार जीत का स्वाद चखने पूरी तरह से आश्वस्त हैं।

खैरागढ़ जिले से अविभाजित राजनंादगांव के निवर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह भी किस्मत आजमा रहे हैं। खैरागढ़ जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। ऐसे में विक्रांत की नजर उपाध्यक्ष की कुर्सी पर है।

विक्रांत गंडई क्षेत्र के भुरभुसी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। जालबांधा सीट से दिवंगत देवव्रत सिंह की बेटी भी सियासत में एंट्री के लिए जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही हंै।

हालांकि कांग्रेस ने शताक्षी सिंह को अधिकृत नहीं किया है। वह अपने पिता के राजनीतिक उपलब्धियों को भुनाते हुए मतदाताओं से अपने पक्ष में समर्थन मांग रही है।

मोहला मानपुर जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा की अध्यक्ष नम्रता जैन सदस्य बनने दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है। वहीं क्षेत्र क्र. 3 बांधाबाजार से रमेश खंडेलवाल कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमा रहे हैं। रमेश अं. चौकी ब्लॉक के कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। वहीं बांधाबाजार ग्राम पंचायत के पूर्व उपसरपंच रहे हैं। रमेश के कांग्रेस के  क्षेत्रीय बड़े नेताओं में गिनती होती है। उनके क्षेत्र में 19 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। वहीं 17 ग्राम पंचायत में  चुनाव जीतने के लिए वह मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं।

उधर छुरिया इलाके में राजकुमारी सिन्हा, टुम्मन साहू भी जिला पंचायत सदस्य बनने मतदाताओं के बीच में है। बोरतलाव क्षेत्र से कांग्रेस की पूर्व जिला कांग्रेस की महिला अध्यक्ष रामक्षत्रीय चंद्रवंशी भी दम  लगाकर चुनावी रण में कूद गई है।


अन्य पोस्ट