राजनांदगांव

नांदगांव में बंपर वोट पडऩे से भाजपा-कांग्रेस कर रही जीत का दावा
12-Feb-2025 3:21 PM
नांदगांव में बंपर वोट पडऩे से भाजपा-कांग्रेस कर रही जीत का दावा

भाजपा के मधुसूदन और कांग्रेस के निखिल ने कहा-

मतदाताओं का मिला भरपूर समर्थन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 फरवरी। राजनांदगांव नगर निगम   की नई सरकार चुनने के लिए मंगलवार को बंपर वोट पडऩे को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने जीत के दावे किए हैं। भाजपा के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव और कांग्रेस उम्मीदवार निखिल द्विवेदी ने अपने दावे में जनता से भरपूर समर्थन मिलने को जीत का प्रतीक बताया।

 राजनांदगांव नगर निगम में लगभग 74 प्रतिशत मतदान हुआ। एक लाख 33 हजार मतदाताओं वाले  निगम में वार्ड पार्षदों को लेकर भी भाजपा-कांग्रेस के अपना-अपना दावा है। 51 वार्डों में से ज्यादातर वार्डों में कांग्रेस-भाजपा के बीच ही मुकाबला रहा। 8 से 10 वार्डों में निर्दलियों ने दमदारी दिखाई। ऐसे वार्डों में भाजपा और कांग्रेस का निर्दलियों ने समीकरण बिगाड़ दिया।

इधर मतदान समाप्त होने के बाद दोनों पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत मिलने की उम्मीद जाहिर की है। भाजपा के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि जनता ने पार्टी के पक्ष में मतदान किया है। इस तरह से मतदाताओं ने उत्साह दिखाया, वह भाजपा के लिए शुभ संकेत है।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने से शहर की जनता को हर स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। केंद्र और राज्य के बाद स्थानीय निकाय में पार्टी की जीत से ट्रिपल इंजन की सरकार  द्रुत गति से विकास करेगी। कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी निखिल द्विवेदी ने भी जीत का दावा किया है।

उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि जीत के साथ वह इतिहास बनाने जा रहे हैं। राजनांदगांव की जनता ने उन्हें भरपूर सहयोग दिया है। जीत को लेकर  किन्तु-परन्तु वाला विषय नहीं है। राजनंादगांव नगर निगम में कांग्रेस की जीत तय है।

उधर वार्डों में भी जीत को लेकर आंकलन किया जा रहा है। कुछ वार्डों में जीत की उम्मीद पाले दिग्गज नेताओं को एनवक्त पर सियासी पैतरेबाजी से कठिनाई का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि कई वार्डों में मतदान से पूर्व देर रात तक तोहफे भी दिए गए। जिसमें पायल, साड़ी के अलावा कई वार्डों में पैसे और शराब भी बांटे गए। बहरहाल, 15 फरवरी को कांग्रेस व भाजपा की जीत के दावा स्पष्ट हो जाएगा।


अन्य पोस्ट