राजनांदगांव

महापौर पद के लिए 13 ने जमा किया नामांकन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जनवरी। राजनांदगांव नगर निगम के महापौर पद के प्रमुख उम्मीदवार भाजपा के मधुसूदन यादव जहां 12वीं तक शिक्षित हैं, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी निखिल बी.कॉम में स्नातकधारी हैं। निखिल पर 20 लाख का कर्ज भी है। द्विवेदी ने अपनी संपत्ति का ब्यौरा नाम-निर्देशन पत्र में स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया है।
भाजपा से चुनाव लड़ रहे मधुसूदन यादव ने भी अपनी शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी जानकारी नाम-निर्देशन पत्र में दिया है। जिसमें उन्होंने 12वीं तक शिक्षित होने की जानकारी दी है। यादव ने आर्थिक जानकारी में कर्जमुक्त बताया है। जबकि द्विवेदी ने 20 लाख का कर्ज होने की जानकारी दी है।
भाजपा के यादव के पास एक लाख रुपए नगद और पत्नी के पास एक लाख 40 हजार रुपए होने का ब्यौरा दिया गया है। इसके अलावा मधुसूदन यादव के पास बैंक में 84 हजार 670 रुपए और पत्नी के डाकघर खाते में एक लाख 44 हजार रुपए जमा है। यादव ने एलआईसी की 6 लाख की पॉलिसी भी ली है। पत्नी के पास साढ़े 4 लाख की पॉलिसी और डाकघर में ढाई लाख रुपए का आरडी खाता भी है। यादव और उनकी पत्नी के नाम मोपेड है। यादव ने 12 लाख का सोना और पत्नी के पास 28 लाख का सोना होने की जानकारी दी है।
इधर, आर्थिक रूप से यादव के मुकाबले निखिल काफी पिछड़े हुए हैं। उन पर 20 लाख रुपए का कर्ज है। निखिल के पास जमीन-जायदाद नहीं है। जबकि यादव के पास रायपुर में 10 लाख रुपए का प्लाट, 35 लाख रुपए की कृषि भूमि और 30 लाख रुपए का भवन भी है। निखिल पर पर्सनल लोन का भी भार है। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी आर्थिक रूप से भाजपा प्रत्याशी के सामने कमजोर दिख रहे हैं।
इस बीच नाम निर्देशन के अंतिम दिन महापौर पद के लिए 13 अभ्यर्थियों ने नामांकन जमा किया है। 31 जनवरी को नाम वापसी का आखिरी दिन है। नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को नगर पालिका निगम राजनांदगांव के महापौर पद हेतु निर्दलीय संदीप शुक्ले, निर्दलीय केवल रजक, निर्दलीय राकेश कुमार ठाकुर, भाजपा से मधुसूदन यादव, भाजपा से अजीत जैन, बसपा से शमसुल आलम, निर्दलीय दीपा रामटेके, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से महेन्द्र लाल जंघेल, निर्दलीय राजेश गुप्ता, इंडियन नेशनल कांग्रेस से निखिल द्विवेदी, आप पार्टी से कमलेश स्वर्णकार, शिवसेना से माखन यादव, निर्दलीय डॉ. केएल टांडेकर ने नाम निर्देशन पत्र जमा किया है।