राजनांदगांव
डोंगरगांव में दो महिलाएं आपस में भिड़ेंंगी, छुरिया में रितेश के सामने अजय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 जनवरी। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा ने नगर पालिका और नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसी के साथ ही शहरी सरकार के मुखिया बनने के लिए चुनावी रण में भाजपा और कांग्रेस आमने सामने है। जिले के ज्यादातर निकायों में दोनों पार्टी के बीच ही सीधा मुकाबला है।
धर्मनगरी डोंगरगढ़ में कांग्रेस ने नलिनी मेश्राम को भाजपा के रमन डोंगरे के खिलाफ उतारा है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित डोंगरगढ़ की सीट पर दोनों पार्टी ने काफी मंथन के बाद प्रत्याशियों को चुनावी रण में भेजा है।
इसी तरह डोंगरगांव नगर पंचायत में कांग्रेस से पुष्पादेवी यदु और भाजपा की अंजू त्रिपाठी के बीच मुकाबला होगा। यह साफ है कि इस चुनावी नतीजे में हार-जीत किसी की भी हो, लेकिन यह निकाय मातृशक्ति के हवाले होगा। बताया जा रहा है कि डोंगरगांव में दोनों महिलाओं के बीच रोचक मुकाबला होना तय है। वजह यह है कि भाजपा और कांग्रेस के खाटी नेताओं ने अपना-अपना उम्मीदवार बताकर दोनों को मौका दिया है। ऐसे में पर्दे के पीछे कांग्रेस-भाजपा के क्षेत्रीय नेताओं की साख दांव पर रहेगी।
इसी तरह खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के छुरिया निकाय के लिए भाजपा ने अजय पटेल और कांग्रेस ने रितेश जैन को मौका दिया है। रितेश कांग्रेस के ब्लॉक महामंत्री हैं। वह पूर्व विधायक छन्नी साहू के करीबी हैं। रितेश का परिवार सदियों से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। उनके चाचा रमेश जैन एक वक्त में विधायक टिकट के प्रबल दावेदार रहे। रितेश से मुकाबला कर रहे अजय पटेल छुरिया नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रहे हैं। साथ ही वह मंडल अध्यक्ष भी रहे हैं। छुरिया की सियासत में दोनों के बीच दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है।
अंबागढ़ चौकी निकाय की कुर्सी के लिए भाजपा ने गुलाब गोस्वामी को मौका दिया है। गोस्वामी मंडल अध्यक्ष भी रहे हैं। गोस्वामी के खिलाफ कांग्रेस ने छात्र नेता मनीष साहू खड़ा किया है। मनीष मोहला-मानपुर जिले के एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष हैं। इसी तरह नवगठित लालबहादुर नगर पंचायत में भाजपा से देवेन्द्र साहू और कांग्रेस से राजकुमार साहू आमने-सामने होंगे।