राजनांदगांव

पुलिस भर्ती गड़बड़ी में अब तक 7 सलाखों के पीछे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 दिसंबर। पुलिस भर्ती गड़बड़ी में एक और गिरफ्तारी हुई है। मामले की जांच कर रही टीम ने एक महिला अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। उक्त महिला पर अंक बढ़ाने के लिए रिश्वत देने का आरोप है। कवर्धा के पंडरिया की रहने वाली महिला द्वारा रुपए देकर अंक हासिल करने की पुष्टि हुई थी। पुख्ता जांच के बाद महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। भर्ती में घोटाले करने के आरोप में पुलिस की यह 7वीं गिरफ्तारी है। आगे भी कुछ और लोगों को गिरफ्तार करने की तैयारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक महिला अभ्यर्थी मीना पात्रे को टीम ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मोबाइल को भी जब्त कर फारेंसिक लैब भेजा गया। जिसमें कई संदिग्ध चीजें सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला अभ्यर्थी ने गोला फेंक में 11 अंक हासिल किया था। जबकि तकनीकी टीम ने उसे 20 अंक दे दिया। लंबी कूद में भी मीना पात्रे को लाभ दिया गया। यहीं से गड़बड़ी का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि मीना पात्रे की गिरफ्तारी से पहले टीम ने लंबी पूछताछ कर मामले के तार को खंगाला है। जिसमें कई पुलिस कर्मी की मिलीभगत की पुष्टि हुई। जांच के बाद अहम सुराग हासिल कर टीम आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में है। पुलिस ने अब तक 6-7 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक संदेही आरक्षक ने बीते दिनों खुदकुशी कर ली थी। इस बीच पूरी भर्ती प्रक्रिया की निगरानी कर रहे राजपत्रित अधिकारियों की भूमिका को लेकर जांच की खबर सामने आ रही है, लेकिन अब तक राजपत्रित अधिकारियों तक पुलिस ने हाथ नहीं डाला है। ऐसे अफसरों के गड़बड़ी में शामिल होने का आला अफसरों को पूरा शक है। पूछताछ में मीना पात्रे ने कुछ और नाम भी पुलिस को जानकारी के तौर पर दिया है। मीना से गड़बड़ी करने वाले लोगों का कैसे संपर्क हुआ, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।