राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 फरवरी। शहर में अतिक्रमण कर ठेला-खोमचा एवं पसरा लगाने वालों को समझाईस देने व हटाने नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा द्वारा गठित दस्ता निरीक्षण कर एवं शिकायत के आधार पर समझाईस देकर हटाने की कार्रवाई कर रही है। अतिक्रमण दस्ता गुरुवार को पुराना ढाबा से अतिक्रमण तोड़ चौपाटी के सामने से ठेला खोमचा हटाने की कार्रवाई की।
शहर के चौक-चौराहा एवं रोड में अतिक्रमण कर अनाधिकृत रूप से पसरा एवं ठेला खोमचा लगाकर व्यवसाय किया जाता है। जिससे यातायात बाधित होती है और दुर्घटना की संभावना बनी रहती है, जिसे ध्यान में रखकर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने निगम के भवन अधिकारी एवं अतिक्रमण दस्ता को अनाधिकृत निर्माण तथा पसरा हटाने एवं ठेला खोमचा वालों को व्यवस्थित लगाने समझाईस देने के निर्देश दिए। हाल के दिनों में गौरव पथ एवं अन्य स्थल पर नए अतिक्रमण की शिकायत नगर निगम में लगातार प्राप्त हो रही है, शिकायत के आधार पर निगम का अमला अतिक्रमण हटाने समझाईस दे रही है। समझाईस उपरांत नहीं हटाने पर निगम द्वारा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
इसी तारतम्य में निगम का दस्ता निरीक्षण कर एवं शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई की कड़ी में गुरुवार को पुराना ढाबा में रोड के किनारे दुकान के लिए रैम्प बनाने पर उसे जेसीबी से तोड़ा गया। इसी प्रकार चौपाटी के सामने इंटरलांिकंग कराने अवैध रूप से रखे ठेला खोमचा हटाया गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्र.सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, उप अभियंता ज्योति साहू, उद्यान सह.प्रभारी दिलीप गिरी,समयपाल चिराग मेश्राम एवं प्र.पटवारी मिलिन्द रेड्डी व गणेश झा एवं अतिक्रमण दस्ता द्वारा की गई। आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि शहर के चौक-चौराहों एवं रोड में पसरा व ठेला खोमचा न लगावे। रोड में पसरा आदि लगाने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि निगम का अतिक्रमण दस्ता हटाने की कार्रवाई करेगी उससे पूर्व हटा लें अन्यथा बिना सूचना हटाकर जुर्माना वसूला जाएगा।


