राजनांदगांव

कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। खरीफ विवपण वर्ष 2024-25 के तहत समर्थन मूल्य पर जिले में धान खरीदी का कार्य तेजी से चल रहा है। धान उपार्जन केन्द्रों में विक्रय करने वाले किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है और इस कार्य की सतत निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। इन नोडल अधिकारियों द्वारा धान उपार्जन केन्द्र का सतत भ्रमण कर केन्द्र में उपलब्ध धान और बारदानों का सत्यापन भी किया जा रहा है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बुधवार को जिले के डोंगरगांव विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़, कोहका और तेन्दूनाला का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर अग्रवाल ने समिति प्रबंधकों से धान खरीदी केन्द्र में कांटा-बांट, नामतौल, बारदाना, कम्प्यूटर सेट, प्रिंटर, रखरखाव, पेयजल, स्वास्थ्य किट, छांव, शौचालय, बायोमेट्रिक डिवाईस मशीन, मानव संसाधन सहित अन्य व्यवस्थाओं के साथ-साथ आद्र्रतामापी यंत्र के संबंध में जानकारी ली।
कलेक्टर ने धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ में किसानों से चर्चा कर प्रशासन द्वारा द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि किसान इन उपार्जन केन्द्रों में अपने वास्तविक उपज का विक्रय सुनिश्चित करें। उन्होंने समिति प्रबंधक को कहा कि धान उपार्जन केन्द्र में किसी भी कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी-बिक्री नहीं होनी चाहिए। ऐसा होने पर सख्त कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्र में महिलाओं कृषकों के लिए अस्थाई शौचालय बनाने के निर्देश दिए। ग्राम बाकल के कृषक टोकेश्वर साहू एवं कौशल ने बताया कि समय पर उनका धान तौलाई कर लिया गया है। इस दौरान समिति प्रबंधक ने बताया कि अब तक इस केन्द्र में 5 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है और 39 किसानों का टोकन वितरित किया गया है, जो धान विक्रय करेंगे। धान उपार्जन केन्द्र के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी वीके गणवीर को प्रतिदिन भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर अग्रवाल डोंगरगांव के धान उपार्जन केन्द्र कोहका एवं तेन्दूनाला के औचक निरीक्षण के दौरान उपार्जित धान की गुणवत्ता, तौलाई के कार्य एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में किसानों से बातचीत की। किसानों ने धान उपार्जन केन्द्र में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विगत दिनों विक्रय किए गए धान की राशि अंतरित हो गई है। कलेक्टर ने कहा कि किसान अपनी ऋण पुस्तिका किसी अन्य का न दें। उन्होंने रकबा समर्पण करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।