राजनांदगांव

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनंादगांव 4 जुलाई। राजनांदगांव के महेन्द्र धुर्वे ने सीएवीए अंडर-19 वॉलीबॉल चैम्पियनशिप में भारत का नेतृत्व कर ब्रांज मेडल दिलाया। श्री धुर्वेे ने पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग से सौजन्य भेंट की।
मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव के उभरते अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी महेन्द्र धुर्वे ने 10 से 16 जून तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित अंडर-19 सीएवीए वॉलीबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी करते शानदार प्रदर्शन किया और टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। महेन्द्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट अटेकर के पुरस्कार से भी नवाजा गया। महेन्द्र ने अपने खेल करियर की शुरूआत राजनांदगांव के स्टेट स्कूल मैदान परिसर से की थी। बचपन से ही वॉलीबॉल के प्रति रूचि रखने वाले महेन्द्र ने कठिन परिश्रम और समर्पण से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
पूर्व में वे ईरान के बैरीन शहर में आयोजित अंडर-19 वल्र्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साथ ही ऑल इंडिया युनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन करते द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। वर्तमान में वे नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, त्रिवेंद्रम केरल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और निरंतर अपने खेल कौशल को निखारने में जुटे हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने महेन्द्र से भेंट कर उनके प्रदर्शन की सराहना की और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई। एसपी गर्ग ने कहा कि महेन्द्र जैसे होनहार खिलाड़ी प्रदेश की खेल प्रतिभा के प्रतीक हैं, जो आने वाले समय में भारत का गौरव और बढ़ाएंगे। उन्होंने महेन्द्र को आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।