राजनांदगांव

उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए होनी चाहिए आवश्यक सुविधाएं
कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों की ली बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 नवंबर। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में खरीफ वर्ष 2024-25 में धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक सह प्रशिक्षण संपन्न हुई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण योजना है। कल 14 नवंबर से धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिए सभी नोडल अधिकारियों को धान उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपए प्रति क्ंिवटल की दर एकड़ प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान की खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के वास्तविक उपज की खरीदी करना है। धान उपार्जन केन्द्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं होनी चाहिए और किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि धान खरीदी के पहले दिन सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने धान उपार्जन केन्द्रों में समय पर उपस्थित रहेंगे। सभी को यह जानकारी होना चाहिए कि प्रतिदिन कितने टोकन कट रहे हैं, जिससे कितने धान की खरीदी अगले दिन होगी, इसका अनुमान रहेगा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में किसानों की परेशानी नहीं चाहिए। धान खरीदी के दौरान धान उपार्जन केन्द्रों में सुविधाओं का ध्यान रखने के साथ ही समय पर उनके खाते में समय पर राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि सावधानी एवं सजगता के साथ भौतिक सत्यापन के लिए बारदानों की गणना करें तथा साक्ष्य के रूप में वीडिय़ो बनाकर भी रखें। उन्होंने कहा कि भौतिक सत्यापन के लिए पहले ही दिन से गणना का कार्य करते जाएं, ताकि प्रतिदिन के लिए कार्य करने में परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि अवैध धान की बिक्री करते पाये जाने पर संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोचिया जैसे लोग पात्र किसानों के किसान किताब का दुरूपयोग करते अवैध धान की बिक्री करने के प्रयास करते है तथा सिस्टम को प्रभावित करते है। ऐसे कोचिया एवं बिचौलियों पर शिकंजा कसने के लिए सर्तक रहते हुए कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसानों को अच्छी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने धान खरीदी के लिए किसानों से ऑफलाईन एवं टोकन तुंहर दुआर मोबाईल एप से ऑनलाईन टोकन देने कहा। टोकन जारी करने में पहले लघु एवं सीमांत कृषकों को प्राथमिकता दी जाये। उसके बाद बड़े कृषकों को टोकन जारी किया जाये।
इस अवसर पर एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ मनोज मरकाम, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, उप संचालक कृषि नागेश्वर लाल पाण्डेय, खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी आदि उपस्थित थे।