राजनांदगांव

चार लाख कर्ज के एवज में महिला कारोबारी से वसूले डेढ़ करोड़
03-Mar-2024 1:50 PM
चार लाख कर्ज के एवज में महिला कारोबारी से वसूले डेढ़ करोड़

नांदगांव की एक महिला पर गुर्गे भेजकर वसूली का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 3 मार्च।
शहर के चिखली की रहने वाली एक महिला से 4 लाख रुपए के कर्ज के एवज में डेढ़ करोड़ रुपए वसूली किए जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। 

महिला कारोबारी से स्थानीय बल्देवबाग की रहने वाली एक महिला ने जालसाजी कर न सिर्फ उसकी संपत्ति को हथियाने की नीयत से कर्ज दिया, बल्कि उक्त महिला ने कर्ज पर चक्रवृद्धि ब्याज के तहत वसूली की। आरोपी महिला ने गुर्गे भेजकर वसूली के लिए महिला को डराया-धमकाया। परिवार वालों के भय से कारोबारी महिला ने जमीन-जायदाद और सोने-चांदी बेचकर कर्ज दिया, लेकिन आरोपी महिला का मन नहीं भरा।

पुलिस के मुताबिक स्थानीय चिखली की रहने वाली संगीता तिवारी महिला कपड़े के व्यवसाय से जुड़ी हुई है। कोरोनाकाल में उसे जमकर घाटा हुआ। जिसकी भरपाई के लिए बल्देवबाग की रहने वाली आशा अग्रवाल से कर्ज लिया। कर्ज देने वाली महिला ने कोरा कागज और दो कोरे चेक में महिला कारोबारी से हस्ताक्षर करवाकर अपने पास रख लिया।  

कारोबारी महिला का आरोप है कि आरोपी महिला उसकी ग्राहक थी। जिसके चलते उससे संपर्क हुआ था। आशा अग्रवाल ने जालसाजी के तहत उसके साथ  धोखाधड़ी की। जिसमें मूल रकम देने में देरी होने पर प्रतिदिन 12 हजार रुपए का ब्याज की वसूली की। वहीं ब्याज पर ब्याज ठोंककर महिला ने पीडि़ता की कमर तोड़ दी। परिवार की बिना जानकारी कर्ज लेने के कारण महिला तकलीफ में रहने के बावजूद पति को भी इस मामले से दूर रखा। धीरे-धीरे कर्ज बढ़ता गया।

इधर आरोपी महिला वसूली के लिए आदतन बदमाशो को घर तक भेजती रही। इस तरह 4 लाख रुपए के एवज में महिला कारोबारी ने डेढ़ करोड़ रुपए  आरोपी महिला को दिए। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला वर्तमान में रायपुर में जाकर बस गई है। उसके खिलाफ पहले भी थानों में मामले दर्ज हुए हैं। कोतवाली पुलिस मामले की जांच करते हुए जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार करेगी।  -
 


अन्य पोस्ट