राजनांदगांव

मांगों को लेकर की नारेबाजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 फरवरी। प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के तहत जिले के वनकर्मी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल में चले गए। हड़ताल में जाने से वन विभाग के कामकाज पर प्रतिकूल असर पड़ा है। चार सूत्रीय मांग को लेकर कर्मचारियों ने सरकार से मांगों को पूरा करने की मांग रखी है। वनकर्मियों का आरोप है कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में प्रमोशन से लेकर अन्य मांग अधूरे रह गए। वर्तमान सरकार से कर्मियों ने मांग पूरी करने की अपील की है।
स्थानीय कलेक्टोरेट परिसर के सामने फ्लाई ओवर के सामने आंदोलनरत कर्मचारियों ने बताया कि चार सूत्रीय मांग काफी समय से लंबित है। संघ के जिलाध्यक्ष अजीत दुबे ने बताया कि तत्कालिन सरकार द्वारा संविदा में ढ़ेरों नियुक्तियां की गई। जिसके चलते नियमित कर्मचारियों की पदोन्नति को लेकर अड़चने खड़ी हो गई। वहीं विभाग में लंबे समय से नियमित पदों की भर्ती नहीं हुई है। इस तरह 4 महत्वपूर्ण मांग को लेकर कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने के लिए विवश होना पड़ा। इससे पहले मांगों को लेकर कर्मचारियों ने नारेबाजी की। कर्मचारी एकता का परिचय देते हुए मांगों पर फौरन विचार नहीं करने की स्थिति में आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी।