राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 जनवरी। जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन सोमवार को डोंगरगढ़ के ग्राम पंचायत तोतलभर्री में किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ग्रामवासियों से रूबरू हुए और उनकी समस्याओं को सुना। कलेक्टर ने यहां लगाए गए विभागीय स्टॉल का अवलोकन किया।
दिव्यांग रामेश्वर मानिकपुरी ने अपनी समस्या बताई। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग अंतर्गत पात्रता अनुसार पेंशन दिलाने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि खाता विभाजन जरूर कराएं। इससे धान बिक्री करने में तथा ऋण लेने में आसानी होती है। कलेक्टर ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर में आसपास के दूरस्थ अंचलों के ग्रामवासी आए हुए हैं। यहां 57 लाख 9 हजार रूपए की लागत के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। जिनमें से 6 लाख रूपए के नाली निर्माण तथा 51 लाख 9 हजार रूपए की लागत के मजदूरी मूलक कार्य किए जाएंगे।
कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि गांव में एक अच्छा बांध भी है। यहां वन विभाग की ओर से एक अच्छे तालाब का निर्माण किया जा सकता है एवं जीर्णोद्धार कर पानी उपलब्धता को पूरा किया जा सकता है। यदि हमारे किसान समृद्ध होंगे तो सभी समृद्ध होंगे और यहां किसान 2 से 3 फसल ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का ग्रामवासियों को फायदा मिलना चाहिए। कलेक्टर ने महिलाओं से ग्राम में शराब पीने वाले लोगों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने 20 हजार रुपए की लागत का पावर स्प्रेयर जैनाबाई को प्रदान किया।
उन्होंने नोनी सशक्तिकरण योजना अंतर्गत 10 हितग्राहियों को चेक का वितरण किया। गर्भवती माताओं की गोद भराई के लिए सुपोषण किट प्रदान किया गया तथा नन्हे बच्चों का अन्न-प्रासन्न किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड का वितरण किया। मत्स्य पालन विभाग की ओर से जय मां अम्बे स्वसहायता समूह को आईस बाक्स का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अनिल सिन्हा, प्रकाश वर्मा, विरेन्द्र, राहुल देव शर्मा, गिरिश रामटेके, अजीत ओगरे, दिव्या ठाकुर, मुकेश ठाकुर, विजय साहू,फैज मेनन सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।