राजनांदगांव
दवा कारोबार से कमाए धन को बढ़ाने चुना अपराध का रास्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 नवंबर। अरिहंत एजेंसी के कर्मचारी सुरेश जोशी हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता प्रकाश गोलछा पुलिस से बचने के लिए परिवार को लेकर भूमिगत हो गया है। गोलछा के इस हत्या में सीधे शामिल होने की खबर की शहर में चर्चा हो रही है। पुलिस ने गोलछा के खिलाफ पुख्ता सबूतों के आधार पर खोजबीन शुरू कर दी है।
गोलछा कुछ सालों से लगातार अनैतिक कार्यों में लिप्त रहे। गोलछा ने कुछ सालों में शहर में कई अपराधों को अंजाम दिया है। वह सदर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित दवा व्यवसाय से जुड़े गोलछा कंपनी के परिवार का सदस्य है। शहर में प्रकाश गोलछा ने सूदखोरी के कारोबार में भी निवेश किया है। इसके अलावा करीब दो साल पूर्व पुलिस ने उसके फार्महाउस में देह व्यापार में लिप्त होने के आरोप में गोलछा को गिरफ्तार किया था।
इससे पूर्व डीपीएस स्कूल में हेराफेरी करने के आरोप में पुलिस ने पत्नी समेत गोलछा को जेल भेज दिया था। इसके बाद भी वह अपने हरकतों से बाज नहीं दिया। साल 2020 में ब्याज की रकम वसूलने के दौरान गोलछा ने एक युवक को निर्वस्त्र कर दिया था।
गोलछा के गुंडों से बचाने के लिए युवक ने सरेराह बिना कपड़ों के दौड़ लगाकर अपनी जान बचाई थी। एक के बाद एक प्रकाश गोलछा ने गैरकानूनी कामों को अंजाम देना शुरू किया। उसके नापाक कामों से तंग आकर परिवार ने सार्वजनिक रूप से रिश्ता नही होने का ऐलान किया था। बताया जाता है कि उसके अपराधिक रवैय्ये से कई रिश्तेदार और दोस्तों ने संबंध विच्छेद कर दिए थे।
समाज के भीतर भी प्रकाश गोलछा अलग-थलग हो गया था। यही कारण है कि उसने अपने नजदीकी साथी व अरिहंत एजेंसी के संचालक ज्ञानचंद बाफना को फंसाने के लिए एक गरीब कर्मचारी को मौत की नींद सुला दी। चर्चा है कि बाफना और गोलछा एक समय काफी नजदीकी मित्र हुआ करते थे। गोलछा ने पैसे के लिए जिस तरह से निचले स्तर पर जाने से गुरेज नही किया वही से वह अपने साथी और परिवार से दूर होता गया।
बताया जाता है कि गोलछा ने शहर के कई रसूखदारों को फाईनेंस भी किया है। उसकी वसूली का तरीका काफी अमानवीय रहा। ब्याज के काम से लेकर देह व्यापार के बदौलत गोलछा ने सामजिक प्रतिष्ठा की भी परवाह नही की। देह- व्यापार में लिप्त होने की खबर से परिवार हिल गया। इधर सुरेश जोशी हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में पुलिस गोलछा की सरगर्मी से तलाश कर रही है। हत्या का षडयंत्रकर्ता के तौर पर गोलछा ने चार युवकों का इस्तेमाल किया। पुलिस के हत्थे चढ़े सभी आरोपी युवकों ने प्रकाश गोलछा को साजिश रचने का बयान दिया।
राजनांदगांव के एएसपी राहुलदेव शर्मा का कहना है कि गोलछा पर पूर्व में कई मामले दर्ज हैं। अदालत में मामलों की सुनवाई चल रही है। जोशी हत्याकांड में साजिशकर्ता होने के आरोप में पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


