राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 नवंबर। अचानक बदले मौसम से सोमवार को पारा लुढक़ गया। पिछले दो-तीन दिनों से धूप और छांव में आंख मिचौली हो रही थी। मौसम साफ होने के बाद ठंड बढऩे के आसार थे। आज सुबह मौसम ने करवट ली ओर दिनभर धुंध छाई रही। बदली के कारण तापमान तेजी से गिर गया। दिन में ठंडी हवाएं चली। मौसम के बदले रूख के कारण पहली बार लोगों को दिन में गर्म कपड़े पहने देखा गया।
मौसम विभाग ने प्रदेश समेत जिले में भी बारिश होने की संभावना जाहिर की है। पिछले दो-तीन दिनों से आसमान में छाए बादल से बारिश होने की संभावना जताई गई थी। आज सुबह से ठंडी हवाएं चलने से सर्दीले मौसम का अहसास हुआ।
बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के असार से एक चक्रवाती सिस्टम बना है। आसमान में छाए बादल बारिश की संभावना को बढ़ा रहे हैं।
तापमान में गिरावट होते ही सुबह का वक्त ठिठुरनभरा रहा। दोपहर में भी अन्य दिनों की तुलना में पारा गिरा रहा। न्यूनतम तापमान के निचले स्तर में जाने से ठंड का असर अन्य दिनों की तुलना में आज ज्यादा रहा। दिन का तापमान 25 डिग्री तक आ गया। जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के कारण लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। इस साल नवंबर के महीने में ठंड नदारद रही। जबकि बीते वर्ष ठंड ने नवंबर महीने में असर दिखाना शुरू किया था।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड का असर नहीं रहा। दिसंबर में ठंड का व्यापक असर रहेगा।
इस बीच बारिश होने का अनुमान जताया गया है। बेमौसम बारिश से रबी की फसलों को नुकसान हो सकता है। चना, गेहूं और अन्य फसलें बारिश के कारण प्रभावित हो सकती है।


