राजनांदगांव
गुरुनानक जयंती प्रकाश पर्व के रूप में मनाएगा समाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 नवंबर। सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरुनानकदेव की जयंती प्रकाश पर्व के तौर पर मनाई जाएगी। 554वें जयंती को परंपरागत रूप से मनाने के लिए सिख समाज ने व्यापक तैयारी की है।
परंपरा के अनुसार जयंती से दो दिन पूर्व की संध्या पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आज शाम शहर में पंच प्यारो की अगुवाई में शोभायात्रा नगर में निकलेगी। पिछले दो माह से श्री गुरूग्रंथ साहिब के अखंड पाठ तथा 11 दिनों से प्रभातफेरियों की श्रृंखला जारी है। आज दोपहर 2 बजे गुरू ग्रंथ साहिब की भव्य शोभायात्रा तथा नगर कीर्तन का आयोजन किया गया है।
शोभायात्रा के स्वागत के लिए शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों में स्वागत द्वार लगाए गए हैं। जयंती के खास मौके पर गुरूद्वारा आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। शोभायात्रा के लिए प्रकाश पर्व पर विशाल वाहन को स्वर्ण मंदिर दरबार साहिब अमृतसर जैसा भव्य रूप दिया गया है।
सिख पंथ के अनुदेशक और संस्थापक गुरूनानक देव की जयंती के लिए अलग-अलग जत्थे द्वारा कार्यक्रम किए जाएंगे। शोभायात्रा पर गैर सिख समाज की ओर से पुष्प वर्षा की जाएगी। 5 घोडों पर सुसज्जित छोटे बच्चे तथा शबद-कीर्तन करते जत्थे कीर्तन की शोभा बढ़ाएंगे।
एक जानकारी के मुताबिक गुरूद्वारा साहिब से मानव मंदिर चौक, गंज चौक ,पुराना बस स्टैंड, जीई रोड़, भगत सिंह चौक होते गुरुनानक चौक में शाम 7 बजे शोभायात्रा पहुंचेगी। यहां एक घंटे तक बलराज सिंह दरबार साहिब अमृतसर वाले रागी जत्थे का कीर्तन होगा। इसके बाद अरदास, सुखासन व गुरू का लंगर वितरित किया जाएगा। 27 नवंबर को सुबह तथा रात में भक्तिमय शबद कीर्तन होगा। रागी जत्था द्वारा प्रस्तुत कीर्तन से धार्मिक वातावरण बनेगा।


