राजनांदगांव

भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर-इंजीनियर संग एमए, बीए और 12वीं-10वीं व 8वीं तक शिक्षित
28-Oct-2023 1:11 PM
भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर-इंजीनियर  संग एमए, बीए और 12वीं-10वीं व 8वीं तक शिक्षित

सबसे कम 8वीं तक शिक्षित भोलाराम मैदान में

प्रदीप मेश्राम

राजनांदगांव, 28 अक्टूबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। सियासी दुनिया में तालीमका महत्व बढ़ता जा रहा है। वहीं कम शिक्षित और अनपढ़ उम्मीदवारों की संख्या नगण्य होती जा रही है। आसन्न विधानसभा चुनाव में अविभाजित राजनांदगांव के छह सीटों में चुनावी मुकाबले में उतरे प्रत्याशी उच्च शिक्षित हैं। चुनावी मैदान में उनकी शिक्षा की भी काफी अहमियत बढ़ गई है। 

राजनांदगांव विधानसभा से चौथी बार किस्मत आजमा रहे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। उनके पास बीएमएस की डिग्री है। उनके खिलाफ ताल ठोंक रहे कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन ने कानून की शिक्षा ली है। वह एलएलबी ग्रेज्युट हैं। मोहला-मानपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रशाह मंडावी इंजीनियरिंग डिग्रीधारी हैं। वह सिविल इंजीनियर होने के साथ इतिहास विषय में एमए की तालीम लेकर आबकारी विभाग में सालों तक अफसर रहे। वहीं उनके प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी संजीव शाह बीए तक शिक्षित हैं। 

अंबागढ़ चौकी राजघराने के शाह ने चुनाव आयोग को अपनी शिक्षा की पूरी जानकारी दी है। खुज्जी विधानसभा के आपसी प्रतिद्वंदी गीता साहू और भोलाराम साहू के शिक्षा में काफी अंतर है। गीता ने एमए के अलावा बीएड की शिक्षा हासिल की है। जबकि भोलाराम साहू महज 8वीं तक शिक्षित हैं।  

डोंगरगढ़ के भाजपा प्रत्याशी विनोद खांडेकर शिक्षा-दीक्षा में काफी पूर्ण है। उन्होंने एमए, बीए और बीपीएड किया है। कांग्रेस की उम्मीदवार हर्षिता ने लोक प्रशासन में एमए की शिक्षा ली है। खैरागढ़ विधानसभा से भाजपा के विक्रांत सिंह एमए उत्तीर्ण है। वहीं उनकी चिर प्रतिद्वंदी यशोदा वर्मा सिर्फ 10वीं तक पढ़ी-लिखी है। 

डोंगरगांव विधानसभा से तीसरी बार के कांग्रेस प्रत्याशी  दलेश्वर साहू 12वीं तक पढ़े हुए हैं। हालांकि उन्होंने संगीत में डिप्लोमा भी हासिल किया है। भाजपा उम्मीदवार भरत वर्मा  ने 12वीं तक शिक्षा हासिल की है। पूरे छह सीटों की स्थिति शिक्षा के मामले में काफी बेहतर है। खुज्जी विधानसभा के प्रत्याशी संदीप मेश्राम भी इंजीनियरिंग की शिक्षा में दक्ष हैं। वहीं खैरागढ़ विस के गोंगपा के प्रत्याशी संतोष मारिया पेशे से चिकित्सक हैं। समूचे छह सीटों के लिए 81 प्रत्याशी मैदान में है। सबसे ज्यादा राजनांदगांव से 29 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
 

 


अन्य पोस्ट