राजनांदगांव

इंसास हथियार से भाजपा नेता पर दागी गोली
23-Oct-2023 12:02 PM
इंसास हथियार से भाजपा नेता पर दागी गोली

नक्सलियों के स्माल एक्शन टीम का वारदात के पीछे हाथ

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

राजनांदगांव, 23 अक्टूबर। मोहला-मानपुर जिले के औंधी के सरखेड़ा में भाजपा नेता बिरजू तारम की हत्या में नक्सलियों का लगभग हाथ होना तय माना जा  रहा है। पुलिस के पास नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम का वारदात के पीछे होने का पुख्ता जानकारी पहुंची है। नक्सलियों ने भाजपा नेता पर अत्याधुनिक हथियार इंसास से गोलियां दागी है। मौके पर मिले गोलियों के खोखे से यह स्पष्ट हो गया है कि घटना के लिए इंसास हथियार का इस्तमाल किया गया था।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मदनवाड़ा दलम के एक कुख्यात नक्सली की चहल-कदमी मानपुर और औंधी इलाके में देखी गई थी। आला अफसरों ने उक्त नक्सली की कुछ तस्वीरें अपने  मुखबीरों को उपलब्ध कराई थी। हत्या के एक-दो दिन पहले नक्सलियों का एक छोटा ग्रुप गांव के आसपास नजर आया था। पुलिस ने वारदात के बाद नक्सलियों के मौजूदगी को लेकर प्रमाणिक साक्ष्य भी जुटा लिए हैं। भाजपा नेता तारम को एक तरह से टारगेट कर निशाना बनाया गया है। इस बीच सूचना तंत्र की काबिलियत पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों का कहना है कि नक्सलियों ने घटना को अंजाम देने से पहले बकायदा रेकी की थी। नक्सलियों की आवाजाही की खबर के बाद भी पुलिस ने सुरक्षा बंदोबस्त पर ढ़ील बरती। ऐसे में भाजपा नेता आसानी से नक्सलियों के एक्शन टीम के हत्थे चढ़ गया।

विपक्षी दल के नेता की हत्या की घटना से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। चुनावी सरगर्मी के बीच यह मामला काफी सुर्खियों में है। भाजपा क्षेत्रीय नेताओं पर हो रहे हमले और हत्या की घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाकर  हवा दे रही है। मोहला-मानपुर प्रशासन के खिलाफ  लगातार बयानबाजी हो रही है। यहां यह बता दें कि बिरजू तारम की हत्या की घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने कुछ आदिवासी नेताओं की  भूमिका  पर खुलेआम आरोप भी लगाए हैं। प्रशासन से इनकी गिरफ्तारी की मांग उठ रही है। दूरस्थ नक्सल क्षेत्र में हुए इस वारदात से क्षेत्रीय भाजपा नेताओं में डर का माहौल है। ऐसे में पुलिस पर बिरजू तारम हत्याकांड के आरोपियों की धरपकड़ का दबाव है।


अन्य पोस्ट