राजनांदगांव

टेडेसरा में रमन का जोशीला स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अक्टूबर। भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद शनिवार शाम ग्राम टेडेसरा पहुंचने पर डॉ. रमन सिंह का ग्रामीणों, नागरिकों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया। उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। आतिशबाजियों के बीच बैंड-बाजे में युवाओं ने नारेबाजी की। उन्हें टेडेसरा चौक से रैली के रूप में बाजार चौक स्थित सभा मंच पर पहुंचाया गया, जहां स्वागत की गई।
सभा को संबोधित करते डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है, जब प्रदेश की भ्रष्टतम भूपेश सरकार को उखाड़ फेंके। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार भ्रष्ट्राचार में गले तक डूबी हुई है, इसके अनेक नेता व विश्वस्त अधिकारी जेल के सीखचों में बंद है। करोड़ों के घोटालों के पुख्ता सबूत अदालतों में लंबित पड़े हैं। कोयला घोटाला, चॉवल घोटाला, शराब घोटाला सहित घोटालों की लंबी लिस्ट है। जिसमें आकंठ कांग्रेस सरकार डूबी हुई है।
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार डॉ. सिंह ने कहा कि विकास के नाम पर छत्तीसगढ़ ठहर गया है। गांव से लेकर शहरों तक सडक़ों का बुरा हाल है। बिजली दिन-रात मिचैली कर रही है। आम-आदमी रोजमर्रे के भ्रष्ट्राचार से त्रस्त है। अब समय आ गया है इस सरकार को उखाड़ फेंके, ताकि छत्तीसगढ़ में विकास की नई इबारत लिखी जा सके।
शहर में भी रमन का स्वागत
भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह का शनिवार को शहर में स्वागत हुआ। टेडेसरा में स्वागत पश्चात वे भाजपा कार्यालय पहुंचे, तब उनका अभूतपूर्व स्वागत हुआ। उन्होंने भाजपा कार्यालय स्थित पं. शिवकुमार शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा वरिष्ठ दिवंगत भाजपा नेता लीलाराम भोजवानी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार सोनिया गांधी का एटीएम बनकर काम कर रही है। हजारों हजार करोड़ के घोटाले इस बात को उजागर करते है। यही कारण है कि इनके विश्वस्त अनेक अफसरों व आईएएस अधिकारियों को सात-सात महीनें बाद भी अदालत से जमानत नहीं मिल पा रही है।
भाजपा मीडिया सेल के अनुसार पार्टी कार्यालय में डॉ. सिंह का स्वागत पश्चात डॉ. सिंह का काफिला भ्रमण के लिए निकला। पार्टी कार्यालय से रामनगर चैराहा व लखोली नाका चौक, गंज चौक, तिरंगा चौक, भारतमाता चौक, आजाद चौक में ऐतिहासिक स्वागत के पश्चात वे मानव मंदिर चौक, अस्पताल तिराहा से जमातपारा होते शीतला माता मंदिर में उन्होंने माता का दर्शन कर पूजन-अर्चना किया व जीत का आशीर्वाद लिया।