राजनांदगांव

कांग्रेस की टिकट पर लगी टकटकी, उम्मीदवार की घोषणा 15 को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अक्टूबर। डेढ़ दशक से भाजपा के कब्जे वाली राजनांदगांव विधानसभा में जीत का मंसूबा पाले कांग्रेस 15 अक्टूबर में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा को लेकर लोग टकटकी लगाए हुए हैं।
पूर्व सीएम के खिलाफ ताल ठोकने के लिए कांग्रेस में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। अगले एक-दो दिन के भीतर प्रबल दावेदारों में से किसी एक को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला हो सकता है।
बताया जा रहा है कि रमन को मात देने के लिए कांग्रेस ओबीसी वर्ग पर दांव लगा सकती है। साहू समाज के जिलाध्यक्ष और हाल ही में कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष भागवत साहू का नाम सामने आ रहा है। साहू समाज के मतों का ध्रुवीकरण करने के उद्देश्य से कांग्रेस उन्हें प्रत्याशी बना सकती है।
सूत्रों का कहना है कि राजनांदगांव विधानसभा में साहू समाज के उम्मीदवार को मौका देकर अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस प्रभाव डालने की कोशिश के मद्देनजर यह निर्णय ले सकती है। इसी तरह महापौर हेमा देशमुख भी एक सशक्त दावेदार हैं। वह लगातार जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रही हैं। ग्रामीण इलाकों में भी उनकी दखल बढ़ी है। तैंतीस फीसदी आरक्षण के फैसले के बाद महापौर हेमा देशमुख महिला वर्ग में सबसे लोकप्रिय चेहरे में शुमार होने लगी है।
शहर अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा भी दमदार चेहरे हैं। 5 बार के पार्षद छाबड़ा ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने वार्ड से भाजपा को मात दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कुलबीर की साख मजबूत है। वह शहर संगठन के मुखिया के तौर पर दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं।
युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार की लोकप्रियता भी बरकरार है। उन्हें युवाओं के बीच दमदार चेहरा माना जाता है। बेहतर संवाद और मेल-मिलाप के कारण उनका राजनीतिक ग्राफ बढ़ता जा रहा है। वे पूर्व विधायक स्व. उदय मुदलियार के बेटे हैं। मुदलियार के बेटे होने के कारण उनका हर वर्ग से खासा संपर्क है।
पूर्व महापौर नरेश डाकलिया भी मजबूत चेहरे हैं। उनकी आम लोगों में गहरी पैठ है। खेल जगत से लेकर हर वर्ग में डाकलिया की दखल है। राजनीतिक रूप से उन्होंने बतौर महापौर राजनांदगांव को अलग पहचान दिलाई। महापौर कार्यकाल के दौरान हुए कार्यों और प्रशासनिक कुशलता को लेकर लोग उन्हें याद करते हैं।
युवा चेहरे निखिल द्विवेदी भी टिकट के उम्मीदवार में गिने जा रहे हैं। द्विवेदी मुख्यमंत्री के करीबी माने जाते हैं।
बहरहाल आज-कल में टिकट की घोषणा हो सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ ताल ठोकने के लिए उक्त नेता तैयारी में जुटे हुए हैं।