राजनांदगांव
.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अप्रैल। बीती रात चली तेज अंधड़ के सामने विद्युत विभाग के मजबूत खंभे टिक नहीं पाए। लिहाजा जिले के अलग-अलग इलाकों के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। आंधी के चपेटे में बिजली पोल के आने से ग्रामीण इलाकों की विद्युत व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई।
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव एवं आसपास के दर्जनों गांव में लगभग 25 से ज्यादा खंभों को नुकसान पहुंचा है। खंभों के उखडऩे से विद्युत तार भी टूट गए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा परेशानी हुई। तेज अंधड़ से विभाग को लगभग 14 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस संबंध में राजनांदगांव डिवीजन के ईई आलोक दुबे ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि नुकसान का आंकलन कराया गया है। विद्युत आपूर्ति को दुरूस्त करने विशेष टीम काम कर रही है।
एक जानकारी के मुताबिक 11 केव्ही के खंभों को नुकसान हुआ है। वहीं एलटी स्तर के खंभे सर्वाधिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। सिंघोला, अर्जुनी, ठेलकाडीह, तुमड़ीबोड समेत अन्य इलाकों के खंभों को अंधड़ से नुकसान हुआ है। संबंधित क्षेत्रों में विद्युत सप्लाई फिलहाल बंद है। सुधार कार्य के बाद विद्युत आपूर्ति सेवा बहाल की जाएगी।
आधी रात अंधड़ संग झमाझम बारिश
पखवाड़ेभर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीती रात को तेज अंधड़ के साथ झमाझम बारिश हुई। वहीं कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी खबर है। हालांकि ओलावृष्टि से जनहानि की जानकारी नहीं है। एकाएक मौसम के बदलते रूख से गर्मी नदारत हो गई है। अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा पूरी तरह से मौसम के करवट बदलने से भरा रहा। लगातार बदलते मौसम से पारा गिर गया। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात को तेज गति में हवाएं चली। वहीं बिजली चमकने के साथ झमाझम बारिश हुई।
बताया जा रहा है कि चक्रवाती सिस्टम और द्रोणिका के असर से गुरुवार दोपहर बाद से आसमान में काले मेघों का डेरा लगा रहा। अप्रैल में पहली बार तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी भी जारी की है। इधर शुक्रवार सुबह हल्की धूप खिली, लेकिन दोपहर होते तक फिर से आसमान में बदली छाई रही। सप्ताहभर में लगातार बारिश हुई है। अप्रैल का महीना गर्मी के लिहाज से कमजोर रहा। तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।
अप्रैल के शुरूआती दिनों में तापमान 40 डिग्री ऊपर चला गया, लेकिन सप्ताहभर से रोज हो रही बूंदाबांदी के कारण तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर है। उधर आधी रात तेज अंधड़ चलते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई। लोगों को उमस और गर्मी से हलाकान होना पड़ा। पूरी रात 3 से 4 बार बिजली गुल रही।
बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का रूख नरम रहेगा। यानी बेमौसम बारिश का सिलसिला आगे जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं ने गर्मी की चुभन पर असर किया है। आज पूरे दिन बदली होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।