राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 मार्च। प्रदेश किसान कांग्रेस के महामंत्री व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने बयान जारी करते कहा कि विपक्ष के षडय़ंत्र नाकाम रहे और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 85वां महाधिवेशन सफल रहा। इस दौरान लिए गए निर्णयों से संगठन और भी मजबूत होगा। जिसके सकारात्मक परिणाम आगामी चुनावों में नजर आएंगे।
जिपं सदस्य यादव ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि यह अधिवेशन छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां हुईं। इस बीच केंद्रीय जांच एजेंसियों के सहारे कांग्रेस नेताओं के घरों पर छापे डालकर उन्हें डराने और फंसाने की साजिश की गई। सीधे तौर पर इन कार्रवाईयों के जरिये महाधिवेशन के आयोजन के प्रभावित करने की कोशिशें की गई, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व की कार्यक्षमता, अडिगता के आगे विपक्ष की चालें नकामयाब रही।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ की वास्तुकला में पारंपरिक हार से अतिथियों के स्वागत को लेकर झूठी बातें फैलाने की कोशिशें करते प्रदेश की संस्कृति को अपमानित करने के ओछेपन से भी बाज नहीं आए। इस कृत्य से भाजपाईयों की मानसिकता स्पष्ट हो जाती है। असत्य और फरेब के सहारे ही भाजपा जनता को छलती आई है। चुनावी वायदों को जुमला बताकर उन्होंने देश की आवाम से धोखा किया। जबकि कांग्रेस नेतृत्व ने अपनी घोषणाओं को संकल्प माना और प्रतिबद्धता के साथ सरकार गठन के पहले ही दिन से उस पर अमल हुए।
श्री यादव ने कहा कि महाधिवेशन में श्रीमती सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित देशभर के दिग्गज कांग्रेसी नेता यहां जुटे और कई गंभीर मसलों पर चर्चा हुई। हमारे वरिष्ठ नेताओं ने देशभर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नई ऊर्जा का संचार किया है। नि:संदेह आगामी चुनावों में इसका बड़ा असर देखने को मिलेगा।


