राजनांदगांव

किसानों के साथ बैठक कर गन्ने की खेती के महत्व बताए
25-Feb-2023 3:28 PM
किसानों के साथ बैठक कर गन्ने की खेती के महत्व बताए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 फरवरी। 
धान के अलावा अन्य फसल से किसानों को जोडऩे के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास में अब जिला सहकारी बैंक भी जुड़ गया है। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने जिले के किसानों को गन्ने की खेती से जोडऩे के लिए एक अभियान की शुरूआत की है। जिसके तहत किसानों को न केवल गन्ने की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, बल्कि किसानों को गन्ने की खेती के बारे में जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने किसानों के साथ एक बैठक की। इस दौरान किसानों से उनकी समस्या सुनी गई व उन्हें गन्ने की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में किसानों के साथ ही गोवर्धन देशमुख, रमेश खंडेलवाल, अगेश्वर देशमुख, दुर्गेश द्विवेदी, प्रभात साहू, पुष्पा वर्मा, हर्षिता स्वामी बघेल, नरेंद्र वर्मा, मदन साहू, मिथिलेश ठाकुर, दशरथ सोनवानी, भीखम सिन्हा, उत्तम सिन्हा, पंचराम चंद्रवंशी, विजय विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।

गांव-गांव जा रहे नवाज
अधिक से अधिक किसानों को गन्ने की खेती से जोडऩे के लिए बैंक अध्यक्ष नवाज खान खुद गांवों का दौरा कर रहे हंै। रोजाना आधा दर्जन से अधिक गांव पहुंचकर नवाज किसानों को गन्ने की खेती के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इसके साथ ही जो किसान खेती के बारे में अधिक जानना चाहता हैं, उसे कबीरधाम का दौरा भी कराया जाएगा।

प्रति एकड़ होगा लाख रुपए का फायदा
नवाज ने बताया कि कबीरधाम के किसान गन्ने की खेती कर समृद्ध हो रहे हैं। यही कारण है कि उन्होंने जिले के किसानों को भी इस खेती से जोडऩे के लिए मुहिम शुरू की है। उन्होंने बताया कि गन्ने की खेती में प्रति एकड़ किसानों को एक लाख रुपए तक का फायदा हो सकता है। यही नहीं एक बार फसल लेने पर तीन दफा गन्ना काटने की सुविधा इस खेती में मिलती है।
 


अन्य पोस्ट