राजनांदगांव
3 को गुडमार्निंग राजनांदगांव का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 दिसंबर। पैरादान के लिए पटवारी, सचिव एवं आरईएओ डोर-टू-डोर लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए कलेक्टर ने कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए अमला को सक्रिय करें। बड़े किसानों से अधिक मात्रा में पैरादान कराएं तथा गौठानों में सुरक्षित रखवाएं। उन्होंने कहा कि भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ग्रामीण एवं नगरीय निकायों के लिए की गई घोषणा एवं निर्देश के परिपालन में सभी विभाग कार्य करें। कलेक्टर डोमन सिंह ने यह निर्देश साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कही।
बैठक में कलेक्टर सिंह ने कहा कि रामायण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें। ग्रामीण एवं नगरीय निकायों में यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी एसडीएम इस पर विशेष ध्यान देते कार्य करें। उन्होंने युवा महोत्वस के संबंध में जानकारी लेते कहा कि शनिवार 3 दिसंबर को गुडमार्निंग राजनांदगांव कार्यक्रम का आयोजन ऊर्जा पार्क में किया जाना है। विकासखंड मुख्यालय एवं हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसकी पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि धान खरीदी का कार्य लगातार होना चाहिए। सभी एसडीएम इसकी लगातार समीक्षा करें। धान की खरीदी के साथ ही धान के उठाव का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में गौठान का निर्माण किया जाना है। इसके लिए भूमि का चिन्हांकन, गौठान की स्वीकृति तथा गौठान प्रारंभ होना चाहिए। उन्होंने गौठानों को स्वावलंबी बनाने के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर ने मुख्य विकास कार्यों की प्रगति, कांजी हाउस की जानकारी, जर्जर सडक़ों की मरम्मत, आवर्ती चराई, मुख्यमंत्री भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान घोषणाओं एवं निर्देशों की विभागवार जानकारी, किसान पंजीयन की जानकारी, धान उपार्जन एवं जारी का विवरण, खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में उपार्जित धान एवं उठाव की प्रगति, आगामी 4 खरीदी दिवस में धान उपार्जन के लिए जारी टोकन का विवरण के संबंध में समीक्षा की। कलेक्टर ने जैविक खाद उत्पादन की प्रगति, सी-मार्ट डोंगरगढ़ की जानकारी, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स की जानकारी, नगरीय क्षेत्रों में वृक्षारोपण के लिए कृष्ण कुंज बनाए जाने न्यूनतम एक एकड़ प्रस्तावित भूमि, नेशनल हाईवे के किनारे कांजी हाऊस की जानकारी, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, स्वामी आत्मानंद हिन्दी, अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की समीक्षा, मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र की समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा, एसडीएम अरूण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सभी जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारी जुड़े रहे।