राजनांदगांव

धान की आवक बढ़ते ही सोसायटियों में जाम के हालात
26-Nov-2022 12:32 PM
धान की आवक बढ़ते ही सोसायटियों में जाम के हालात

कलेक्टर ने कहा उचित परिवहन से दूर होगी समस्या, 30 फीसदी धान का उठाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 नवंबर ।
धान की आवक बढ़ते ही सोसायटियों में जाम के हालात बढ़ गए हैं। सोसायटी प्रबंधकों के सामने धान का पर्याप्त उठाव नहीं होने से खरीदी बंद करने का दबाव बढ़ा है। खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था बढ़ती जा रही है। उपज बेचने पहुंचे किसानों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कहीं-कहीं किसान  रतजगा भी कर रहे हैं। एक नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के शुरूआत में फसल कटाई काफी धीमी थी। अब खेतों से उपज कोठारों में पहुंच गई है। मिंजाई के बाद उपज बेचने के लिए किसान धान खरीदी केंद्रों का रूख कर रहे हैं। उपज की आवक बढ़ते ही सोसायटियों में रख-रखाव की व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

बताया जा रहा है कि न सिर्फ राजनंादगांव, बल्कि  केसीजी और एमएमसी जिले में भी हालात खराब हो गए हैं। तीनों जिलों के सोसायटी कर्मचारियों ने प्रशासन को अपनी दिक्कतें बता दी हैं। उनकी ओर से जल्द ही उठाव नहीं होने पर सुचारू रूप से खरीदी करने से इन्कार कर दिया है। इधर कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि किसी भी तरह की दिक्कतें नहीं होंगी। 'छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते कलेक्टर ने कहा कि आज और कल खरीदी बंद होने के कारण परिवहन की जबर्दस्त व्यवस्था की जा रही है। सोमवार से खरीदी  में और तेजी आएगी।

इधर कई खरीदी केंद्रों में टोकन लिए किसानों को भी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। केंद्रों में खरीदी की लिमिट पार होने से टोकनधारी किसानों को उपज बेचने के लिए काफी वक्त गुजारना पड़ रहा है। कुछ सोसायटियों में रात जागकर किसान अपनी उपज बेचने की बारी का इंतजार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि  छोटे धान खरीदी केंद्रों में स्थिति असामान्य हो चली है। ऐेस कम से कम 25 से अधिक सोसायटी है, जहां धान रखने के लिए जगह नहीं है। परिवहन में तेजी आने के बाद ही इस अव्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। अगले एक-दो दिन खरीदी बंद होने के कारण परिवहन के लिए प्रशासन जोर लगा रहा है। अधिक से अधिक मात्रा में उठाव होने से ही केंद्रों में खरीदी सुचारू रूप से जारी रहेगी।

इधर एक जानकारी के मुताबिक जिले में अब तक 1041311 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। जिसमें 3 लाख 72 हजार 896 क्विंटल का उठाव हुआ है। केसीजी जिले में 556664 क्विंटल धान खरीदी व 162050 क्विंटल परिवहन के जरिये उठाया गया है। एमएमसी जिले में 210749 क्विंटल खरीदी व 16280 क्विंटल धान का उठाव किया हुआ है। बहरहाल केंद्रों में बनी अव्यवस्था और सोसायटी कर्मचारियों को हो रही दिक्कतों से किसानों को केंद्रों में इंतजार करना पड़ रहा है।
 


अन्य पोस्ट