रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जुलाई। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर में तीन और चार जुलाई को क्रमश: म्यूकरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर दो सीएमई आयोजित की जा रही हैं। इनमें देश के प्रमुख चिकित्सक दोनों विषयों पर स्वयं के अनुभवों को नए चिकित्सकों के साथ साझा करेंगे।
तीन जुलाई को एम्स रायपुर के ईएनटी विभाग के निर्देशन में ब्लैक फंगस के 150 ऑपरेशन पूर्ण करने पर सीएमई आयोजित की जा रही है। आयोजक एनस्थिसिया विभागाध्यक्ष प्रो. नंद किशोर अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. नागरकर को कोविड-19 और ब्लैक फंगस के ऑपरेशन में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए चिकित्सकों की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही ब्लैक फंगस पर सीएमई भी आयोजित होगी जिसमें ऑपरेशन से जुड़े चिकित्सक अपने अनुभव नए चिकित्सकों के साथ साझा करेंगे।
चार जुलाई को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर हड्डी रोग विभाग के तत्वावधान में एआई इन हैल्थ केयर विषय पर सीएमई आयोजित की जा रही है। आयोजक सचिव प्रो. आलोक चंद्र अग्रवाल ने बताया कि आर्थो विभाग सहित सभी प्रमुख विभागों में एआई का अनुप्रयोग बढ़ता जा रहा है। इसी के बारे में चिकित्सकों को जानकारी और आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से सीएमई आयोजित की जा रही है। इसमें इंग्लैंड, स्विट्जरलैंड, एम्स दिल्ली, ट्रिपल आईटी दिल्ली और रायपुर, पं. जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज, रायपुर सहित कई प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सक व्याख्यान देंगे।