रायपुर

उच्च शिक्षा में पदस्थ ओएसडी के खिलाफ शिकायतें, सरकार ने आयुक्त से रिपोर्ट मांगी
30-Jun-2021 6:00 PM
उच्च शिक्षा में पदस्थ ओएसडी के खिलाफ शिकायतें, सरकार ने आयुक्त से रिपोर्ट मांगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 जून। उच्च शिक्षा संचालनालय में पदस्थ ओएसडी के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें आई है। इस पूरे मामले पर विभाग प्रमुख ने कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है।

दुर्ग जिले के मचांदूर के प्राध्यापक जीएस घनश्याम, वर्तमान में उच्च शिक्षा संचालनालय में पदस्थ हैं। उनके खिलाफ कई गंभीर शिकायतें हुई थी। मगर इन शिकायतों पर गौर नहीं किया गया। इन शिकायतों में  महिलाओं के साथ अश्लील व्यवहार भी शामिल है।

बताया गया कि अंग्रेजी के प्राध्यापक घनश्याम बिलासपुर में बिलासा कन्या महाविद्यालय में पदस्थ थे। तब छात्राओं की शिकायत पर उन्हें हटाया गया। इसके बाद सीपत महाविद्यालय में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2012-13 में अंग्रेजी विषय में विद्यार्थियों का प्रदर्शन काफी खराब रहा, और 184 में से 171 विद्यार्थी फेल हो गए। इसके बाद विद्यार्थियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इसी तरह अश्लीलता फैलाने की शिकायत के बाद उन्हें हटाया गया।

बाद में सूरजपुर में भी इसी तरह की शिकायत के बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया। चिरमिरी में भी इसी तरह की शिकायत हुई थी। बाद में राजनीतिक दबाव के चलते उन्होंने रूसा में अपनी पोस्टिंग कराने में सफल रहे। इस दौरान प्राध्यापकों के साथ खराब व्यवहार की शिकायत भी हुई। वर्तमान में संचालनालय में पदस्थापना के दौरान प्राचार्यों को फोन कर धमकाने की भी शिकायत हुई है।

शिकायतकर्ताओं ने घनश्याम की पदस्थापना अवधि के दौरान तमाम शिकायतों की जांच की मांग की है। यह भी कहा गया कि वे संचालनालय में अटैच हैं, और तुरंत उन्हें मुक्त कर मूल पदस्थापना वाले स्थान में भेजने की मांग की है।


अन्य पोस्ट