रायपुर

दैवेभो कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर 11 को मशाल रैली
29-Jun-2021 5:30 PM
दैवेभो कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर 11 को मशाल रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जून। जन घोषणा पत्र के वादे के अनुरूप दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर कर्मचारी महासंघ आंदोलन की तैयारी  में है। इस कड़ी में 11 जुलाई को मशाल रैली निकाली जाएगी।

प्रदेश सरकार के जन घोषणा पत्र के महत्वपूर्ण घोषणा नियमित किए जायेंगे।  महासंघ के बैनर तले 35 हजार से अधिक अनियमित कर्मियों ने अपने 16 घटक संगठनों के साथ मजबूत रणनीति अपनाते हुए आंदोलन छेडऩे की तैयारी कर लिया है।

रायपुर-छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ, जो कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के समस्त अनियमित शासकीय कर्मचारियों के हितों के रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, अब चरणबद्ध तरीके से आंदोलन की ओर अग्रसर हो चुका है।

प्रदेश अध्यक्ष रवि गढ़पाले इस संबंध में बताया कि, महासंघ द्वारा वर्तमान सरकार से कई बार जन घोषणा पत्र के बिंदु  क्रं. 11 और 30 को पूरा करने हेतु पत्राचार किया गया, विभिन्न तरह से नियमितीकरण हेतु प्रावधान बनाने हेतु अनेको जन प्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री तथा समस्त कैबिनेट मंत्रियों को ज्ञापन पत्र देकर निवेदन किया, परंतु आज तक कार्यवाही नही किया जा रहा है।

प्रदेश संयोजक अनिल कुमार देवांगन का कहना है कि सरकार को अपनी भूमिका तय करनी होगी, क्योंकि यह 1 लाख 80 हजार अनियमित कर्मचारियों तथा उन पर आश्रित करीब 4 से 5 लाख परिवार सदस्यों के सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा का मामला है। सरकार को लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए अनियमित कर्मचारियों से किये गए वायदे को जल्द से जल्द पूर्ण करने के सम्बंध में कार्यवाही करना चाहिए।

महासंघ के पूर्व प्रदेश संयोजक एवं वरिष्ठ कार्य समिति सदस्य गोपाल प्रसाद साहू ने इसी कड़ी में कहा कि, महासंघ अब चौतरफा प्रयास कर रहा है, इस हेतु विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रमुखों से अनियमित कर्मचारियों के मुद्दे को लेकर गंभीर वार्ताएं की जा रही है, और इसमे व्यापक समर्थन धार्मिक तथा सामाजिक संगठनों द्वारा महासंघ को प्राप्त हो रहा है।


अन्य पोस्ट