रायपुर
रायपुर, 28 जून। शहर के प्रथम नागरिक नगर पालिक निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर लोक स्वास्थ्य हित में शासन द्वारा जारी कोरोना टीकाकरण अभियान को नगर निगम के सभी 70 वार्डो में अधिकाधिक तेजी से गतिमान करने निरंतर सकारात्मक प्रयास, और पहल कर रहे है।
महापौर की सकारात्मक पहल, और प्रयासों की बैठक में उपस्थित सर्व समाज प्रतिनिधियों ने सराहना की एवं बैठक के दौरान सर्वसम्मति से लोकस्वास्थ्य सुरक्षा हेतु शहर में कोरोना टीकाकरण महाभियान को अधिकाधिक तेजी से संचालित करने के उदेश्य से 3 जुलाई को संध्या 5 बजे रायपुर नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के सामने से सिटी कोतवाली चौक एवं मालवीय रोड होकर जयस्तंभ चैक तक जन-जन में कोरोना टीकाकरण के प्रति जनजागृति लाने सर्व समाजों के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सामूहिक जनजागरण रैली निकालने का निर्णय लिया गया।
विगत दिवस रविवार के शासकीय अवकाश दिवस पर महापौर की पहल पर स्वयं महापौर सहित सभी 70 वार्डो के पार्षदों की अगुवाई में एक साथ एक घंटे तक नागरिको के मध्य जाकर कोरोना टीकाकरण अभियान को राष्ट्र व समाज हित में राजधानी शहर में गतिमान करने घर-घर जाकर एवं रैली निकालकर सघन जनजागरण अभियान चलाया गया एवं राजधानीवासियों से शीघ्र कोरोना टीका केन्द्रों में जाकर लगवाने लोक स्वास्थ्य हित में सभी जनप्रतिनिधि पार्षदों ने आव्हान किया।