रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 जून। पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय-डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के बाल्य एवं शिशु रोग विभाग तथा पैथोलॉजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को वर्चुअल प्लेटफार्म पर सीएमई (कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन) अर्थात् सतत चिकित्सा शिक्षा का आयोजन किया गया।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर को केंद्र में रखकर आयोजित हुए इस सीएमई में पीडियाट्रिक अपडेट ऑन कोविड-19 अर्थात कोविड-19 के परिप्रेक्ष्य में बाल चिकित्सा में अद्यतन विषय पर राज्य के प्रमुख बाल्य एवं शिशु रोग विशेषज्ञ ने जानकारी साझा की।
सीएमई के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पद्मश्री तथा वरिष्ठ बाल्य एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ए. टी. दाबके ने बताया कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से एनीमिया एवं कुपोषण के शिकार हुए बच्चों को ध्यान देने की अधिक आवश्यकता है। इन बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता सामान्य बच्चों की तुलना में कम होती है। छत्तीसगढ़ राज्य में सिकलसेल मरीजों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है। ऐसे में सिकलसेल पीडि़त बच्चों के स्वास्थ्य पर कोरोना संक्रमण काल में विशेष रूप से ध्यान देने की जरूरत है।
चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विष्णु दत्त ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह सीएमई सभी चिकित्सकों को शिशुओं में होने वाले विभिन्न प्रकार के संक्रमण एवं उससे प्रभावित होने पर संभावित जोखिम, उनका उचित प्रबंधन तथा उस पर तकनीकी जानकारी मुहैया कराएगी।
सीएमई की अध्यक्षता कर रहे पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरल ने बताया कि पैथोलॉजी विभाग द्वारा वेबिनार की एक श्रृंखला आयोजित की जा रही है इसके तहत यह इस महीने की पांचवीं वेबिनार है। इस वेबिनार के जरिये चिकित्सा तंत्र से जुड़े हुए लोगों में भविष्य में आने वाली किसी भी संभावित लहर से बचने के उपायों पर उपयोगी जानकारी मिलेगी। सीएमई की आयोजनकर्ता तथा चिकित्सा महाविद्यालय में बाल्य एवं शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शारजा फुलझेले ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं उनमें होने वाली बीमारियों के उचित प्रबंधन के लिये यह आयोजन बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें प्रदेश के वरिष्ठ बाल्य एवं शिशु रोग विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं जिनकी जानकारियां बच्चों के उचित स्वास्थ्य प्रबंधन की दिशा में बेहद ही कारगर सिद्ध होंगी। अम्बेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनित जैन सीएमई में विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल रहे।
सीएमई में "18 साल से कम उम्र के बच्चों में कोविड-19 के प्रबंधन के लिए व्यापक दिशा-निर्देश" विषय पर जानकारी साझा करते हुए डॉ. अनूप वर्मा (डायरेक्टर स्वप्निल इंस्टीट्यूट ऑफ चाइल्ड हेल्थ रायपुर) ने बच्चों में सर्दी, खांसी, बुखार, बदन दर्द, डायरिया, उल्टी, कमजोरी तथा चक्कर आना जैसे लक्षणों के आधार पर कोरोना संक्रमण के पहचान के तरीकों के बारे में जानकारी दी। बच्चों में कोरोना के लक्षणरहित, हल्के लक्षण वाले, मध्यम तथा गंभीर रूप से संक्रमित प्रकरणों में ऑक्सीजन सैचुरेशन का स्तर, श्वसन दर, छाती में जकडऩ, छाती में घरघराहट होने पर उपचार की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी तथा रैपिड एंटीजन तथा आरटीपीसीआर टेस्ट करवाने की आवश्यकता के बारे में बताया।
डॉ. अतुल जिंदल (एडिशनल प्रोफेसर एम्स, रायपुर) ने बच्चों में मल्टीसिस्टम इन्फ्लामेट्री सिंड्रोम (एमआईएस-सी) एवं एक्युट रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम (एआरडीएस/तीव्र श्वसन संकट सिंड्रोम ) के प्रबंधन को लेकर बताया कि बच्चों में कोविड-19 संक्रमित होने पर ऑक्सीजन सांद्रता में बदलाव से हाइपोक्सिया की स्थिति निर्मित हो जाती है। ऐसे में इसका प्रबंधन करते हुए समय पर ऑक्सीजन देना चाहिए और जरूरत पडऩे पर एंडोट्रेकियल इंटुबैशन करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने बच्चों में एंटीवायरल्स तथा स्टेरॉयड के प्रयोग को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों में एंटीवायरल्स ड्रग के प्रयोग को लेकर अब तक कोई पुख्ता प्रमाण नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोविड के हल्के तथा लक्षणरहित प्रकरणों में स्टेरॉयड का प्रयोग हानिकारक हो सकता है।
डॉ. के. पी. सारभाई (वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ) ने बीते दूसरी लहर में एवं आने वाले संभावित तीसरी लहर में कोविड-19 परिदृश्य विषय पर जानकारी देते हुए दूसरी लहर का राष्ट्र स्तर पर और वैश्विक प्रभाव, तीसरी लहर चिंताजनक क्यों है, चिकित्सा बिरादरी कैसे तीसरी लहर के हानिकारक प्रभावों से बच सकती है, तीसरी लहर को नियंत्रित करने के लिए सरकार क्या कर सकती है तथा टीकाकरण कितना महत्वपूर्ण है, इन सभी चीजों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. अमर सिंह ठाकुर (संयुक्त संचालक बाल्य स्वास्थ्य) ने कोविड की संभावित तीसरी लहर में राज्य की तैयारी के संबंध में जानकारी दी।
सीएमई के साइंटिफिक सेशन की अध्यक्षता मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. डी. पी. लकड़ा, एनेस्थिसिया विभागाध्यक्ष डॉ. के. के. सहारे, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह तथा प्रीवेंटिव सोशल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. निर्मल वर्मा ने की। वहीं सीएमई का ऑनलाइन संचालन डॉ. प्रांकुर पाण्डे तथा डॉ. शिल्पा भार्गव ने किया। सीएमई में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े डेढ़ सौ से भी अधिक लोगों ने भाग लिया।