रायपुर
30 को खत्म हो रहा है कार्यकाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 जून। विधानसभा के प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराडे को छह माह की सेवावृद्धि दी जा सकती है। श्री गंगराडे का कार्यकाल 30 जून को खत्म हो रहा है।
प्रमुख सचिव श्री गंगराडे को इससे पहले दो बार छह-छह माह की सेवावृद्धि दी गई थी। उनका कार्यकाल 30 जून को खत्म हो रहा है। बताया गया कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, श्री गंगराडे को सेवावृद्धि देने को लेकर 29 तारीख को फैसला ले सकते हैं। इस बात की प्रबल संभावना है कि श्री गंगराडे को छह माह की, और सेवावृद्धि मिल जाए।
हालांकि श्री गंगराडे के ठीक नीचे दिनेश शर्मा हैं। जो कि विधानसभा के सचिव हैं, और लंबे समय तक विधानसभा अध्यक्ष के साथ काम कर चुके हैं। खास बात यह भी है कि श्री गंगराडे, और श्री शर्मा के बीच बेहतर तालमेल है, और यही वजह है कि विधानसभा सचिवालय का काम बेहतर ढंग से चल रहा है।
श्री गंगराडे को सेवावृद्धि देने की संभावना के पीछे एक मजबूत तर्क यह भी है कि कुछ दिन पहले ही कोरोना से एडिशनल सेकेट्री जीएस मूर्ति का निधन हो गया, और एक सीनियर अफसर शिवकुमार राय रिटायर हो चुके हैं। कुल मिलाकर सीनियर अफसरों की कमी की वजह से भी श्री गंगराडे का सेवावृद्धि मिलने की संभावना है।