रायपुर

छत्तीसगढ़ में अभिव्यक्ति की आजादी को खत्म करने कोशिश हो रही-सरोज
25-Jun-2021 7:15 PM
  छत्तीसगढ़ में अभिव्यक्ति की आजादी को खत्म करने कोशिश हो रही-सरोज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 जून। आपातकाल को याद कर शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य सुश्री सरोज पाण्डेय ने कांग्रेस को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि वर्ष 75 में जिस तरह अभिव्यक्ति की आजादी को खत्म की गई थी, वैसी ही कोशिश यहां हो रही है।

इंदिरा गांधी सरकार ने आज ही के दिन आपातकाल लागू किया था। भाजपा इसके 46 साल पूरे होने पर भाजपा आज देशभर में काला दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुश्री पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया, और पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि यहां किसी ट्वीट को रीट्वीट तक करना बड़ा अपराध बना दिया जाता है।

भाजपा प्रवक्ता की आवाज को पुलिसिया डर दिखाकर दबाने, राष्ट्रीय पत्रकारों पर सौ-सौ मुकदमे दर्ज करने में का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस स्टेशन के सामने ही पत्रकारों से हिंसा तक की जाती है। उनकी अभिव्यक्ति की आजादी को खत्म करने की कोशिश हो रही है, जैसा इंदिरा गांधी सरकार ने किया था।

उन्होंने कांग्रेस, और कांग्रेस शासित राज्यों की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में किस तरह से असहमति के कारण अभिनेत्री का घर ढाह दिया जाता है, पत्रकारों के साथ कैसा सलूक होता है। पालघर के साधुओं को भीड़ द्वारा लिंच कर देने की खबर दिखाने के कारण अर्णब गोस्वामी और उनकी टीम के साथ कांग्रेस समर्थित सरकार ने वहां कैसा बर्बर अत्याचार किया, यह उदाहरण सामने है।

उन्होंने अंग्रेजों से जो आजादी मिली थी वह 1975 में खो दी थी।  कांग्रेस ने वह आजादी हमसे छीन ली थी। यह दूसरी आजादी हमने कांग्रेस से लड़ कर पायी है, कांग्रेस ने अपनी आजादी की विरासत को, तब ही खत्म कर दिया था। भारतीय संविधान और लोकतंत्र आज के भाजपा (तब का भारतीय जनसंघ) के नेता अटल-आडवाणी-नानाजी जैसे राष्ट्रवादियों का हासिल किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लगातार यह साबित किया है कि भारतीय लोकतंत्र, देश की एकता और अखण्डता का कांग्रेस के लिए तब कोई महत्व नहीं रहता है। सत्ता के मद में चूर होकर कांग्रेस या ऐसा कोई दल फिर से इस भयानक इतिहास को दोहराने का साहस नहीं कर पाए, इस लिए सचेत रहने की जरुरत है।


अन्य पोस्ट