रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जून। प्रदेश के यातायात महासंघ ने डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी के चलते यात्री किराया में बढ़ोत्तरी की मांग की है। उन्होंने 40 फीसदी किराए में बढ़ोत्तरी के लिए मांग पत्र मुख्यमंत्री को भेजा है।
महासंघ के अध्यक्ष सैय्यद अनवर अली ने प्रेस कॉफ्रेंस में बताया कि वर्तमान में केंद्र सरकार की ओर से डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हो जाने के कारण छत्तीसगढ़ राज्य में समस्त बस संचालकों को यात्री बस सेवा प्रारंभ करने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बस संचालकगण बढ़े हुए डीजल के मूल्य में बस संचालन नहीं कर पाएंगे, क्योंकि वर्तमान में डीजल का मूल्य एवं बसों के प्रतिदिन का खर्च प्रतिदिन के सकल आय से भी ज्यादा हो चुकी है ऐसी स्थिति में एक दिन के बस संचालन में भी भारी आर्थिक नुकसान का अंदेशा है। इसके अलावा पिछले 16 माह से कोरोना महामारी के कारण राज्य में बस संचालन की स्थिति लगभग नहीं के बराबर है। बस संचालक पूरी तरह तबाह हो चुके है।
छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ प्रदेश यूनियन द्वारा 29 मई को तीन सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया गया था, जिसमें त्वरित रूप से निराकरण किया जाना एवं यात्री किराया बढ़ाए जाने बाबत् अधिसूचना जारी किया जाना न्यायसंगत होगा, ताकि छत्तीसगढ़ राज्य में आम जनता की सुविधा के लिए सभी बसें त्वरित रूप से प्रारंभ हो सके।
अली ने कहा कि छत्तीसगढ़ से लगे हुए सभी राज्य क्रमश: मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र एवं उ.प्र. में यात्री किराया बढ़ाया चुका है। मध्यप्रदेश राज्य में वर्ष 2018 में 10 प्रतिशत किराया बढ़ाया गया था उस समय छत्तीसगढ़ में नहीं बढ़ाया गया था, माह मई 2021 में मप्र सरकार द्वारा 25 प्रतिशत और किराया बढ़ाया जा चुका है।