रायपुर

कोरोना केस कम हुए, पर तीसरी लहर की आशंका, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने सभी कलेक्टरों को पत्र
23-Jun-2021 5:45 PM
कोरोना केस कम हुए, पर तीसरी लहर की आशंका, स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने सभी कलेक्टरों को पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 जून। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई है। बावजूद इसके सरकार ने संभावित तीसरी लहर को रोकने की दिशा में कदम उठा रही है। इस कड़ी में सभी कलेक्टरों को पत्र जारी किए गए हैं, जिसमें सरकारी अस्पतालों में इलाज की समुचित व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।

प्रदेश में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है। कोरोना के नए मामले 5 सौ से कम आ रहे हैं। इन सबके बाद भी सरकार तीसरी लहर  की आशंका के चलते स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती मध्यप्रदेश, और महाराष्ट्र में कोरोना के नए वेरियंट का पता चला है। इसकी पहचान डेल्टा प्लस के रूप में की गई है, और आशंका जताई जा रही है कि डेल्टा प्लस की वजह से कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। दोनों राज्यों को अलर्ट कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ भी अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार कोरोना के नियंत्रण के उपायों की समीक्षा कर रहे हैं, और ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने का काम चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि कोरोना का चाहे कोई भी रूप आ जाए, इलाज का तरीका एक ही है। सरकार अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड, वैन्टीलेटर, और अन्य जरूरी सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। सभी कलेक्टरों को इस सिलसिले में पत्र भी भेजा गया है।

बीजापुर में सर्वाधिक एक्टिव केस

बीजापुर में सर्वाधिक 604 एक्टिव प्रकरण हैं। जबकि रायपुर में इससे कम कोरोना मरीज आ रहे हैं, और एक्टिव केस भी 304 रह गए हैं। बीजापुर में रोजाना 50 से अधिक केस आ रहे हैं। जबकि रायपुर, और बड़े शहरों में तुलनात्मक कम मामले आ रहे हैं।

बीजापुर को लेकर विभाग के अफसरों का मानना है कि बस्तर में बड़े पैमाने पर सुरक्षाबलों की दूसरे राज्यों से आवाजाही रही है, और उनकी लगातार जांच होती है। इस वजह से यहां कोरोना के मामले ज्यादा दिख रहे हैं। इनका इलाज भी हो रहा है, और ग्रामीण इलाकों में इसका फैलाव भी कम है। बीजापुर के अलावा कोरिया, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा में भी कोरोना के मामले भी ज्यादा आ रहे हैं।


अन्य पोस्ट