रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जून। पिछले सवा साल से कोरोना की आपदा की वजह से कई परेशानियों से जूझ रहे मसीही समाज ने इससे सकारात्मक रूप से निपटने की रणनीति बनाई है। सीएनआई सिनड के संविधान के अनुसार छत्तीसगढ़ डायसिस की स्टीवर्टशिप कमेटी ने फैसला किया है कि न सिर्फ आर्थिक रूप से बल्कि इंसान को ईश्वर प्रदत्त मिले वरदानों से समाज की सेवा की जाएगी। इसके लिए साल में चार भंडारीपन रविवार त्योहार की तरह मनाए जाएंगे। पहली तिमाही का भंडारीपन रविवार 13 जून को मनेगा।
बिशप रॉबर्ट अली की अध्यक्षता में स्टीवर्टशिप कमेटी व सीनियर पास्टर्स के साथ बैठक में तय किया गया कि भंडारीपन रविवार में विशेष आराधनाएं होंगी। इसमें दीन-दुखियों की सेवा, पुरोहितों को दी जाने वाली सुविधाओं, आराधनालयों के जीर्णोद्धार आदि के लिए दान संग्रह किए जाएंगे। इसके लिए विशेष तरह के लिफाफे तैयार किए जा रहे हैं।
डायसिस के सचिव पादरी अतुल आर्थर और स्टीवर्ट शिप कमेटी के सचिव व प्रवक्ता जॉन राजेश पॉल ने बताया कि भंडारीपन अभियान में पास्टरों की विशेष भूमिका होगी। डायसिस व चर्चों के विंगों-कमेटियों, एक्जीक्यूटिव कमेटी, पास्ट्रेट कोर्ट, पास्ट्रेट कमेटी, महिला सभा, संडे स्कूल, युवा सभाओं आदि की विशेष सहभागिता होगी।
मसीही समाज के सर्वांगीण विकास पर फोकस किया जाएगा। छत्तीसगढ़ को देश में आदर्श डायसिस बनाने भंडारीपन अभियान को लेकर जोरदार प्रचार-प्रसार किया जाएगा। डायसिस के पदाधिकारियों के प्रेरणादायक संदेश के वीडियो बनाए जाएंगे।
बैठक में बिशप राबर्ट अली, उपाध्यक्ष पादरी अजय मार्टिन, सचिव पादरी अतुल आर्थर, कोषाध्यक्ष सुशील गुप्ता, स्टीवर्टशिप कमेटी के अध्यक्ष पादरी आशीष वानी, डायरेक्टर पादरी स्टेनली विक्टर, सचिव जॉन राजेश पॉल, पादरी प्रेमेंद्र सिंग, पादरी सुनील कुमार, पादरी सुबोध कुमार, पादरी सुशील मसीह आदि शामिल हुए।