रायपुर

चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के सरकारीकरण के लिए राज्यपाल ने सीएम को लिखा पत्र
04-Jun-2021 6:06 PM
 चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के सरकारीकरण के लिए राज्यपाल ने सीएम को लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 जून। दुर्ग के चंदूलाल चंद्राकर निजी मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। पालकों की चिंता के बाद राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने जल्द से जल्द कॉलेज का सरकारीकरण करने का आग्रह किया है।

बताया गया कि कॉलेज प्रबंधन अभी भी निजी हाथों में है। यद्यपि सरकार इसके सरकारीकरण की घोषणा कर चुकी है। बजट भाषण में चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के शासकीयकरण का जिक्र है। सरकार के फैसले के बाद भी अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। अलबत्ता, देनदारी आदि के निपटारे के लिए सरकार ने कमेटी भी बनाई है, लेकिन आगे प्रक्रिया रूक गई है।

दूसरी तरफ, अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाने की वजह से कॉलेज का नियंत्रण अभी भी निजी प्रबंधकों के हाथों में हैं। कॉलेज के डीन ने विद्यार्थियों को नोटिस जारी किया था, और कहा है कि विद्यार्थियों ने ट्यूशन फीस जमा नहीं की है। यदि विलंब शुल्क के साथ फीस जमा नहीं करते हैं, तो विद्यार्थी विश्वविद्यालय परीक्षा में बैठने के पात्र नहीं होंगे।

विद्यार्थियों और पालकों ने इस सिलसिले में राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके से मुलाकात की थी, और इस मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया था। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को पत्र लिखकर अधिग्रहण नहीं होने की विद्यार्थियों, और पालकों की चिंता से उन्हें अवगत कराया है, और जल्द से जल्द अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी करने का आग्रह किया है। ताकि असमंजस की स्थिति खत्म हो सके।

इससे पहले अपने भविष्य को लेकर चिंतित विद्यार्थियों ने सरकार के अधिग्रहण के फैसले से पहले हाईकोर्ट, और फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी। चूंकि हाईकोर्ट में सुनवाई की तारीख तय हो चुकी थी, इसलिए सुप्रीम कोर्ट से याचिका वापस ले ली गई। मगर हाईकोर्ट में किसी कारणवश सुनवाई नहीं हो पाई। इसके बाद विद्यार्थी और पालकों ने दोबारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है।

विद्यार्थी कॉलेज को मान्यता नहीं मिलने से परेशान हैं, वे चाहते हैं कि उन्हें दूसरे सरकारी कॉलेज में एडमिशन दिया जाए, अथवा सरकार कॉलेज को अपने नियंत्रण में लेकर पढ़ाई शुरू कराए। और मान्यता संबंधी दिक्कतों को तत्काल दूर किया जाए। राज्यपाल ने इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री श्री बघेल से ठोस कार्रवाई का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट