रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अप्रैल। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार अपने प्रभार के जिलों सहित अहिवारा दुर्ग में कोरोना नियंत्रण के उपायों की लगातार समीक्षा कर रहे है। मंत्री गुरु रूद्रकुमार वर्चुअल बैठकें लेकर कोरोना संक्रमण की स्थिति, जरूरतमंदों को राहत और स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की समीक्षा कर रहे हैं। मंत्री गुरु रुद्रकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कोरोना संक्रमण काल की इस विषम परिस्थिति में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संकट की इस घड़ी में सामाजिक संगठन, सामाजिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संस्थाएं, उद्योगपति और जनप्रतिनिधियों का मदद के लिए आगे आना एक अनुकरणीय पहल है। सबकी सहभागिता से ही कोरोना को हराने में सफलता मिलेगी है। इसी कड़ी में मंत्री गुरु रूद्रकुमार लगातार वर्चुअल बैठक के माध्यम से समाज प्रमुखों सहित सामाजिक संगठन, सामाजिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संस्थाएं, उद्योगपति और जनप्रतिनिधियों से रूबरू हो रहे हैं।
मंत्री गुरु रुद्रकुमार अपने प्रभार वाले जिले कांकेर कोंडागांव और नारायणपुर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों,स्वयंसेवी संस्थाओं, समाज प्रमुखों सहित कलेक्टरों से 10 अप्रैल को वर्चुअल बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर उनके विस्तार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र अहिवारा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कोरोना संक्रमण की रोकथाम और किये जा रहे प्रयास को लेकर वर्चुअल चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने अपने विधायक निधि से 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इसी कड़ी में 16 अप्रैल को अहिवारा के स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं की समीक्षा कर अस्पतालों में बेड्स, वेंटिलेटर की संख्या और ऑक्सीजन सप्लाई संबंधी जानकारी ली।